अग्नि सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर होगा ऐक्शन : रंगनाथ
हैदराबाद, हैदराबाद आपदा प्रबंधन एवं संपदा संरक्षण एजेंसी (हैद्रा) आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने कहा कि अग्नि सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं। व्यावसायिक परिसरों से लेकर आवासीय क्षेत्रों तक कहीं भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही पर ताला लगाने में देर नहीं की जाएगी।
रंगनाथ ने जीएचएमसी, अग्निशमन और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर अग्नि सुरक्षा कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि व्यावसायिक परिसरों, फर्नीचर और वस्त्र दुकानों सहित सभी स्थानों पर निरीक्षण तेज किया जाए। यदि नियमों का पालन नहीं किया गया, तो संबंधित दुकानों को सीज़ किया जाए। तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर फायर सुरक्षा रहित व्यावसायिक परिसर घोषित करते हुए नोटिस चिपकाए जाएँ। आयुक्त ने शहर में व्यापक निरीक्षण करने के आदेश दिए।
यह भी पढ़ें… नगरपालिका चुनावों में कांग्रेस जीतेगी अधिकतम सीटें : भट्टी विक्रमार्का
आयुक्त ने बताया कि यदि कहीं भी अग्नि दुर्घटना की आशंका वाली स्थिति दिखाई दे, तो तुरंत हैद्रा कंट्रोल रूम नंबर 9000113667 पर फोन कर सूचना दी जाए। संबंधित स्थान की जानकारी के साथ वीडियो और फोटो भी भेजे जा सकते हैं। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी का लक्ष्य शहर में अग्नि दुर्घटनाओं को कम करना होना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि पिछले वर्ष शहर में 36 से अधिक अग्नि दुर्घटनाएँ हुईं। इसलिए सभी स्तरों पर सावधानी अनिवार्य है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



