आदिलाबाद हिट एंड रन केस : नशे में कार चलाने वाला गिरफ्तार
हैदराबाद, आदिलाबाद में शराब के नशे में कार चलाते हुए बैलगाड़ी को टक्कर मारने वाले कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई थी, जबकि उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हुआ है।
बोथ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर गुरु स्वामी ने बताया कि टी. प्रदीप कुमार ने गत रविवार की देर रात शराब के नशे में अपनी कार से चेवुला रत्नमाला (48) की बैलगाड़ी को टक्कर मारी थी। इस हादसे में रत्नमाला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा लक्ष्मण गंभीर रूप से घायल हो गया। आज सुबह हिट एंड रन मामले में प्रदीप को गिरफ्तार किया गया।
उल्लेखनीय है कि सोमवार को रत्नमाला के परिजनों ने मृतका का शव लेकर धरना दिया और आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी। उन्होंने पुलिस कार्रवाई होने तक अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया था। हालांकि, पुलिस द्वारा आरोपी को पकड़ने और जेल भेजने के आश्वासन के बाद ही स्थिति नियंत्रण में आई। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



