अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने किया टीजीबीआईई कमांड कंट्रोल रूम का दौरा
हैदराबाद, तेलंगाना के अनुसूचित जाति विकास, जनजातीय तथा अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने तेलंगाना इंटरमीडिएट शिक्षा बोर्ड (टीजीबीआईई) के कमांड कंट्रोल रूम का दौरा किया। उन्होंने सरकारी जूनियर कॉलेजों में गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रौद्योगिकी के अभिनव उपयोग हेतु बोर्ड की सराहना की।
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अदलुरी लक्ष्मण कुमार ने गरीब और वंचित समुदायों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आवासीय गुरुकुलों और सरकारी जूनियर कॉलेजों के छात्रों को आधुनिक सुविधाओं, उन्नत बुनियादी ढाँचे और अत्याधुनिक डिजिटल शिक्षण उपकरणों से लैस करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाए जाएंगे।
टीजीबीआईई में योग, खेल और डिजिटल निगरानी से समग्र विकास
मंत्री ने अवसर पर शैक्षणिक विषयों के अलावा टीजीबीआईई के समग्र विकास पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। जिसमें प्रत्येक शनिवार को अनिवार्य योग और ध्यान सत्र तथा नियमित खेल गतिविधियां शामिल हैं। टीजीबीआईई सचिव कृष्ण आदित्य ने अवसर पर मंत्री को जानकारी देते हुए टीजीबीआईई के डिजिटल इकोसिस्टम पर प्रकाश डाला, जिसमें सीसीटीवी निगरानी, फेशियल रिकॉग्निशन सिस्टम (एफआरएस) तथा मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) शामिल हैं।
मंत्री ने बताया कि किस प्रकार कमांड कंट्रोल रूम सीसीटीवी और एफआरएस का उपयोग करके सभी सरकारी जूनियर कॉलेजों की वास्तविक समय पर निगरानी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि तेलंगाना भर के 430 सरकारी जूनियर कॉलेज अब पूरी तरह से सीसीटीवी कवरेज से जुड़ चुके हैं।
यह भी पढ़े : एटीसी में प्रशिक्षित छात्रों को 2000 रुपये की छात्रवृत्ति
1,61,233 नामांकित छात्रों में से 1,44,530 छात्र वास्तविक समय पर नजर रखने के लिए एफआरएस के तहत पंजीवकृत हैं। इससे अभिभावकों में अपने बच्चों की प्रगति और उपस्थिति को लेकर संतुष्टि देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय करने और पूरे जिले में कॉलेजों की निगरानी के लिए दस विशेष अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



