मुन्नरू नदी के बहाव को लेकर प्रशासन सतर्क

हैदराबाद, राज्य में लगातार हो रही बारिश के कारण मुन्नरू नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। इस पर नज़र रखते हुए एनटीआर जिला प्रशासन ने अलर्ट मोड अपना लिया है। ज़िला कलेक्टर डॉ. जी. लक्ष्मी ने स्पष्ट कहा कि लोगों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, प्रशासन पूरी तरह से तैयार है। हालात पर लगातार नज़र रखी जा रही है।

कलेक्टर डॉ. लक्ष्मी और पुलिस आयुक्त एस.वी. राजशेखर बाबू ने नंदीगामा विधायक थंगीराला सौम्या के साथ कीसरा पुल पर मुन्नरू में बढ़ते बाढ़ के पानी का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों ने मुन्नरू के विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति का जायज़ा लिया। कलेक्टर ने बताया कि कृष्णा, मुन्नरू, कट्टालेरू, वैरा और पलेरू नदियों में जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
यह भी पढ़ें… देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं अजहर : किशन रेड्डी

किसानों को मुआवज़ा, सरकार पूरी तरह सतर्क
मुन्नरू के आसपास के लगभग 40 गाँवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं, ताकि किसी को असुविधा न हो। यदि स्थिति गंभीर होती है, तो ग्राम सचिवालयों और स्कूलों को पुनर्वास केंद्रों के रूप में तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच), आर एंड बी, सिंचाई, राजस्व और पुलिस विभागों की टीमें आपसी समन्वय में कार्य कर रही हैं। यदि किसी मार्ग पर आवागमन बाधित होता है, तो वैकल्पिक मार्गों की भी व्यवस्था की गई है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों को घबराने की आवश्यकता नहीं है।

सरकार अंतिम मूल्यांकन रिपोर्ट के आधार पर फसल हानि का पूरा मुआवज़ा देगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अन्नदाताओं के कल्याण और खुशहाली के लिए प्रतिबद्ध है। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वयं स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ का पानी प्रकाशम बैराज तक पहुँच सकता है, जिसके चलते बैराज के ऊपरी और निचले इलाकों में पहले ही चेतावनी जारी कर दी गई है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।




