हैदराबाद के पाठशाला में अफ्राजोलम तैयारी का पर्दाफाश : 3 गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना की ईगल पुलिस ने बोइनपल्ली के इलाके में छापा मारकर अप्राजोलम नशीले पदार्थ की तैयारी का पर्दाफाश किया। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह चेर्लापल्ली में अप्राजोलम तैयार करने वाली एक केमिकल फैक्ट्री पर छापा मारकर लगभग 12 हजार करोड़ रुपये मादक पदार्थ जब्त किया गया था।
अभी यह मामला ठंढा भी नहीं हुआ था कि आज ईगल पुलिस ने बोइनपल्ली के एक पुराने पाठशाला पर छापा मारकर अप्राजोलम तैयार करने का पर्दाफाश किया। इस मामले में ईगल की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। ईगल टीम इस बात का पता लगा रही है कि तैयार किया गया अप्राजोलम कहाँ भेजा जा रहा था।
इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी साई कॉलोनी, ओल्ड बोइनपल्ली निवासी पेशे से व्यापारी मल्लेला जयप्रकाश गौड़ (39), गंगापुत्र कॉलोनी, हश्मतपेट निवासी पेशे से कोरियर बॉय गोटे मुरली साई (23), बृन्दावन कॉलोनी, हश्मतपेट निवासी पेशे से कार चालक पी. उदय साई (23) को गिरफ्तार किया गया। जाँच के दौरान पता चला कि मूलत महबूबनगर निवासी जयप्रकाश गौड़, पिछले एक वर्ष से अपने दो दोस्तों गुरुवा रेड्डी और शेखर से संपर्क कर बोइनपल्ली के एक स्कूल भवन में सेंधी में मिलावट करने संबंधी अप्राजोलम तैयार कर रहा था।
यह भी पढ़े: एमडीएमए के साथ दो गिरफ्तार : एक फरार
इसके लिए गुरुवा रेड्डी ने उसे फार्मूला समेत उत्पादन संबंधी सामग्री की जानकारी दी। तैयार किया गया अप्राजोलम वह महबूबनगर ज़िले के सेंधी कम्पाउंडों में बेच रहा था। छापे के दौरान पुलिस ने 3.5 किलो तैयार किया गया अप्राजोलम, 4.3 किलो आंशिक रूप से तैयार किया गया अप्राजोलम, भारी मात्रा में अप्राजोलम तैयार करने संबंधी सामग्री और 21 लाख रुपये की नकदी जब्त की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



