हैदराबाद में विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक फॉलोअप बैठक आयोजित करने पर सहमति
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रस्ताव रखा कि विश्व आर्थिक मंच की एक वार्षिक फॉलोअप बैठक हर साल जुलाई या अगस्त में हैदराबाद में आयोजित की जाए। यह प्रस्ताव दावोस में तेलंगाना राइज़िंग प्रतिनिधिमंडल द्वारा वैश्विक उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं के लिए आयोजित कार्यक्रम जॉयन दि राइज़ के दौरान रखा गया। इसे उपस्थित वैश्विक उद्योगपति और नीति निर्माताओं का सर्वसम्मत समर्थन प्राप्त हुआ।


मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक व्यावसायिक चक्रों और निवेश निर्णयों की तेज़ गति को देखते हुए एक साल का अंतराल फॉलोअप के लिए बहुत लंबा होता है। इस संदर्भ में उन्होंने विश्व आर्थिक मंच से आग्रह किया कि दावोस के बाद हर साल हैदराबाद में एक फॉलोअप डब्ल्यूईएफ फोरम आयोजित किया जाए। मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में आयोजित तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट अत्यंत सफल रहा, जिसमें 5.75 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए। रेवंत रेड्डी ने कहा कि आमतौर पर हम दावोस में एमओयू साइन करने आते हैं, लेकिन इस बार ग्लोबल समिट की बड़ी सफलता के बाद हम यहाँ विजन और नीतियाँ प्रस्तुत करने आए हैं।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना ने दावोस में जारी की नेक्स्ट जेन-लाइफ साइंसेज नीति
हैदराबाद बन चुका है ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स का केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि हैदराबाद आज ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर्स का वैश्विक केंद्र बन चुका है। हैदराबाद को भारत का पहला चौबीस घंटे संचालित शहर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसमें मूसी नदी के किनारों पर नाइट-टाइम इकोनॉमी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। हैदराबाद को पूरी तरह से स्मार्ट, भविष्य के लिए डिज़ाइन नए शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। दुनिया के सर्वश्रेष्ठ शहरों के समकक्ष भारत के महत्वपूर्ण नगर के रूप में हैदराबाद को प्रस्तुत किया जाएगा। हैदराबाद में भारत फ्यूचर सिटी 30,000 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित की जा रही है, जिसमें 50 प्रतिशत से अधिक क्षेत्र हरित आवरण के रूप में रखा जाएगा।
अवसर पर प्रसिद्ध अभिनेता चिरंजीवी उपस्थित थे। वह डिनर कार्यक्रम में विशेष आकर्षण के रूप में सभी का ध्यान केंद्रित करने में सफल रहे। जॉइन दि राइज़ कार्यक्रम में तेलंगाना एआई इनोवेशन हब और तेलंगाना नेक्स्ट जन लाइफ साइंसेज पॉलिसी का उल्लेख किया गया। उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू और राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने राज्य की गेम-चेंजर परियोजनाओं की जानकारी दी, जिनमें सड़कें, मेट्रो रेल विस्तार, नदियों व झीलों का पुनर्जीवन शामिल हैं। उन्होंने नए आर्थिक ज़ोन, नई स्मार्ट सिटी और नए मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन की योजनाओं का उल्लेख करते हुए तेलंगाना को चाइना प्लस वन रणनीति के प्रभावी विकल्प के रूप में प्रस्तुत किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि तेलंगाना में अद्वितीय निवेश क्षमता है। साथ ही वैश्विक कंपनियों से तकनीक, ज्ञान, अनुभव और विशेषज्ञता के रूप में सहयोग का आह्वान किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



