एयर इंडिया ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज, 8 अप्रैल से सफर महंगा

नई दिल्ली विमान ईंधन (एटीएफ) की वैश्विक कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए एयर इंडिया ने अपने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर फ्यूल सरचार्ज (ईंधन अधिभार) में संशोधन की घोषणा की है. एयरलाइन के अनुसार, नई दरें बुधवार, 8 अप्रैल से प्रभावी होंगी, इस कदम के बाद यात्रियों को अब अपनी हवाई टिकटों के लिए पहले से अधिक जेब ढीली करनी होगीI
घरेलू रूट पर दूरी के आधार पर लगेगा शुल्क
एयर इंडिया ने घरेलू उड़ानों के लिए फ्लैट सरचार्ज की व्यवस्था को खत्म कर अब दूरी-आधारित ढांचा अपनाने का फैसला किया है. अब यात्रियों को सफर की दूरी के हिसाब से भुगतान करना होगाI
500 किमी तक की उड़ान: 299 रुपये सरचार्ज
2,000 किमी से अधिक की दूरी: 899 रुपये तक का सरचार्ज
सरकार द्वारा घरेलू विमान ईंधन की कीमतों में वृद्धि की सीमा 25 प्रतिशत पर सीमित रखने के फैसले के बावजूद, एयरलाइन ने लागत के बोझ को कम करने के लिए यह बदलाव किया हैI
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी भारी असर
अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर एटीएफ कीमतों के लिए कोई सरकारी नियंत्रण न होने के कारण एयर इंडिया ने इन रूटों पर अधिक सख्त संशोधन लागू किए हैंI अंतरराष्ट्रीय सरचार्ज क्षेत्र के आधार पर तय किए गए हैंI
सार्क देश- $24 से शुरू (बांग्लादेश को छोड़कर)
यूरोप- $205 का सरचार्ज
उत्तरी अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया: $280 तक का सरचार्ज
आसमान छूती ईंधन की कीमतें और चुनौतियां
इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (आईएटीए) के आंकड़ों का हवाला देते हुए एयर इंडिया ने बताया कि मार्च के अंत तक वैश्विक जेट ईंधन की कीमतें 195.19 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई हैंI फरवरी के अंत में यह कीमतें 99.40 डॉलर थी, जिसका मतलब है कि कीमतें लगभग दोगुनी हो गई हैं कच्चे तेल की कीमतों और रिफाइनिंग मार्जिन में वृद्धि ने एयरलाइंस के लिए एक चुनौतीपूर्ण माहौल पैदा कर दिया हैI
पहले से बुक टिकटों पर राहत
एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि जिन यात्रियों ने 8 अप्रैल से पहले टिकट बुक कर ली हैं, उन पर नया सरचार्ज लागू नहीं होगा. हालांकि, अगर यात्री अपनी यात्रा योजना में बदलाव करते हैं और टिकट दोबारा जारी की जाती है, तो नई दरों के आधार पर किराए की गणना की जाएगी, एयर इंडिया का कहना है कि इस संशोधन के बावजूद, वह बढ़ी हुई लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है और यात्रियों पर सारा बोझ नहीं डाला गया है. इससे पहले इंडिगो जैसी अन्य एयरलाइंस भी बढ़ती लागत के कारण ईंधन शुल्क में बढ़ोतरी कर चुकी हैंI (भाषा)
यह भी पढ़े- किशन रेड्डी ने लिया नामपल्ली रेलवे स्टेशन विकास कार्यों का जायजा
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



