जीएचएमसी के सभी सर्किलों में उपायुक्तों ने कार्यभार संभाला
हैदराबाद , हैदराबाद महानगर निगम (जीएचएमसी) में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए जोन स्तर पर क्षेत्रीय आयुक्तों की नियुक्ति के बाद अब 60 सर्किलों में उपायुक्तों की तैनाती कर दी गई। जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन द्वारा इस संबंध में आदेश जारी करने के बाद सभी डिप्टी कमिश्नरों ने अपने-अपने पदभार संभाल लिए है।
बताया गया कि इन नियुक्तियों से नागरिक सेवाएं अधिक सुगम और तेज़ी से उपलब्ध होंगी, वहीं विकास कार्यों में भी तेजी आने की उम्मीद है।उल्लेखनीय है कि जीएचएमसी के दायरे में 20 नगरपालिकाओं और 7 म्युनिसिपल कॉर्पोरेशनों को मिलाकर कुल 27 शहरी स्थानीय निकायों (यूएलबी) का विलय किया गया है। इस विलय के बाद जीएचएमसी का क्षेत्रफल 650 वर्ग किलोमीटर से बढ़कर 2,053 वर्ग किलोमीटर हो गया है।
जमीनी स्तर पर विकास व स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण
1.34 करोड़ से अधिक आबादी के साथ क्षेत्रफल और जनसंख्या दोनों दृष्टि से जीएचएमसी देश की सबसे बड़ी नगर निगम बन गई है। आज सुबह विभिन्न जोनों के जोनल कमिश्नरों ने फील्ड विजिट कर विकास और स्वच्छता कार्यों की भी समीक्षा की।
चारमीनार जोनल कमिश्नर श्रीनिवास रेड्डी ने मुसारामबाग ब्रिज निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
सिकंदराबाद जोनल कमिश्नर रवि किरण ने दोमलगुड़ा क्षेत्र का दौरा कर नवनिर्मित सर्किल कार्यालय भवन का जायजा लिया। मल्काजगिरी जोनल कमिश्नर संचित गंगवार ने स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया। उप्पल जोनल कमिश्नर राधिका गुप्ता ने उप्पल जंक्शन से वरंगल रोड मार्ग पर चल रहे स्वच्छता कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान अतिरिक्त आयुक्त रघु प्रसाद और डिप्टी कमिश्नरों ने भी मौके पर पहुंचकर स्वच्छता कार्यों की प्रगति का आकलन किया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



