बाज़ार भूमि बेचने का आरोप निराधार : तुम्मला नागेश्वर
हैदराबाद, कृषि मंत्री तुम्मला नागेश्वर राव ने बीआरएस पार्टी के वरिष्ठ नेता हरीश राव पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कोहेड़ा फल बाजार की भूमि के मुद्दे पर पूर्व मंत्री हरीश राव के आरोप पूरी तरह असत्य हैं। इस तरह के बयानों से राजनीतिक स्वार्थ के लिए किसानों को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है।
मंत्री तुम्मला ने बताया कि कोहेड़ा में प्रस्तावित फल बाजार की भूमि को बेचने का कोई निर्णय सरकार ने नहीं लिया है। यहाँ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सभी आधुनिक सुविधाओं के साथ बाजार का निर्माण करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस बाजार के विकास के लिए 3087 करोड़ की लागत से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई है, जबकि पूर्व बीआरएस सरकार के समय यह परियोजना केवल 399.96 करोड़ तक सीमित थी।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना में 2034 तक सत्ता में रहेगी कांग्रेस : रेवंत रेड्डी
कांग्रेस सरकार ने 2011 में 178.09 एकड़ भूमि फल बाजार के लिए दी
मंत्री ने कहा कि 2011 में कांग्रेस सरकार ने 178.09 एकड़ भूमि फल बाजार के लिए आवंटित की थी, लेकिन पिछले 10 वर्षों में बीआरएस सरकार कोई विकास कार्य नहीं कर सकी।अब कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व में कोहेड़ा बाजार को एकीकृत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने बताया कि किसानों को बेहतर मूल्य दिलाने के उद्देश्य से पहले से आवंटित भूमि के अलावा सर्वे नंबर 167/1 में स्थित 239 एकड़ अतिरिक्त भूमि को मार्केटिंग विभाग को देने का निर्णय मंत्रिमंडल ने लिया है।
साथ ही कृषि निर्यात और फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स स्थापित कर किसानों के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का लक्ष्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरीश राव के आरोप पूरी तरह निराधार हैं और यह जनता को गुमराह करने का राजनीतिक प्रयास है। मंत्री ने आश्वासन दिया कि जल्द ही कोहेड़ा में आधुनिक सुविधाओं से युक्त अंतरराष्ट्रीय स्तर का फल बाजार स्थापित किया जाएगा, जिससे किसानों को उनकी बागवानी फसलों के लिए बेहतर कीमत मिलेगी।
साथ ही टीजीआईआईसी को आवंटित भूमि में फल निर्यात के लिए आवश्यक बुनियादी ढांचा विकसित कर अंतरराष्ट्रीय निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये दोनों बाजार अलग-अलग तरीके से काम करेंगे। एक थोक व्यापार के लिए गड्डीअन्नाराम मार्केट कमेटी के अंतर्गत रहेगा, जबकि दूसरा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निर्यात के लिए विशेष रूप से कार्य करेगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



