अल्लू अर्जुन, दीपिका पादुकोण की फिल्म ‘राका’ बहुत रोमांचक लग रही है : शाहरुख खान
नयी दिल्ली, अभिनेता शाहरुख खान ने फिल्म निर्देशक एटली की आगामी फिल्म ‘राका’ को लेकर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए फिल्म के कलाकारों को शुभकामनाएं दी हैं। ‘फैंटासी-एक्शन’ आधारित इस मनोरंजक फिल्म में अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिकाओं में हैं। यह इन दोनों सितारों की साथ में पहली फिल्म है।
निर्माताओं ने बुधवार को अर्जुन के 44वें जन्मदिन के अवसर पर फिल्म के शीर्षक का खुलासा किया। साथ ही, इसका पोस्टर भी जारी किया। अभिनेता शाहरुख खान ने अर्जुन को जन्मदिन की बधाई देते हुए अपने हैंडल से सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर फिल्म का पोस्टर साझा किया। उन्होंने लिखा, ‘जन्मदिन मुबारक हो अल्लू अर्जुन… पोस्टर आपकी ही तरह बहुत दिलचस्प और शानदार है।’
शाहरुख ने कहा, ‘आप लोगों ने मिलकर जो बनाया है उसे देखने का बेसब्री से इंतज़ार है। यह अनुभव… एटली के शब्दों में कहें तो— मास, मास, मास होगा! ‘राका’ बेहद रोमांचक लग रही है, शुभकामनाएं!!’ शाहरुख इससे पहले निर्देशक एटली के साथ 2023 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘जवान’ में काम कर चुके हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की थी। ‘राका’ को सन पिक्चर्स के बैनर तले बनाया जा रहा है। फिल्म में मृणाल ठाकुर भी अहम भूमिका में नजर आएंगी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



