अमिताभ बच्चन समेत विभिन्न हस्तियों ने विश्व कप जीतने पर महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी
मुंबई, अमिताभ बच्चन, करीना कपूर खान, काजोल समेत विभिन्न हस्तियों ने आईसीसी विश्व कप जीतने पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी। भारतीय टीम ने रविवार को नवी मुंबई में दक्षिण अफ्रीका को 52 रन से हराकर पहली बार आईसीसी विश्व कप अपने नाम किया।
बच्चन ने एक्स पर लिखा कि जीत गए… भारतीय महिला क्रिकेट टीम… विश्व चैंपियन! आप सभी ने हमें बहुत गौरवान्वित महसूस कराया। बधाई, बधाई, बधाई। करीना कपूर खान ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर टीम को बधाई देते हुए लिखा कि अब भी खुशी के आंसू छलक रहे हैं।
वहीं, काजोल ने भी इंस्टाग्राम पर कहा कि उन्हें टीम पर गर्व है। उन्होंने लिखा कि हमारी ‘वीमेन इन ब्लू’ (नीली जर्सी वाली महिला टीम) पर गर्व है। अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने कहा यह जीत एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि वाह चैंपियंस! यह सचमुच एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
वहीं, प्रियंका चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि हमारी टीम इंडिया को चैंपियन बनने पर बधाई। विक्की कौशल ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि वर्ल्ड चैंपियंस। क्या खेल दिखाया। इसके अलावा कार्तिक आर्यन, श्रद्धा कपूर, रश्मिका मंदना, शाहिद कपूर, तृप्ति डिमरी, पूजा हेगड़े और वरुण धवन ने भी टीम को बधाई दी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



