राजी की मुनीरा अमृता खानविलकर

23 नवंबर, 1984 को महाराष्ट्र की सांस्कृतिक राजधानी पुणे में अजीत और गौरी खानविलकर के मध्यवर्गीय महाराष्ट्रीयन परिवार में जन्मी मराठी और हिंदी फिल्मों तथा टेलीविजन की अभिनेत्री अमृता खानविलकर का परिवार वर्ष 1993 के मुंबई धमाकों के बाद पुणे चला गया। अमृता ने पुणे के कर्नाटक हाई स्कूल में पढ़ाई की और मराठवाड़ा मित्र मंडल कॉलेज ऑफ कॉमर्स से स्नातक किया।

अमृता की एक छोटी बहन हैं, जिनका नाम अदिति है और वह हवाई परिचारिका हैं। अमृता ने काफी कम उम्र से ही फिल्म अभिनेत्री बनने की इच्छा अपने मन में संजो रखी थी। महज 20 वर्ष की आयु में उन्होंने टेलीविजन शो इंडियाज़ बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज (2004) में एक प्रतियोगी के रूप में अपना करियर शुरू किया।

उसी वर्ष अमृता फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया द्वारा प्रस्तुत हिंदी लघु फिल्म सांझ (2004) में नजर आईं। वर्ष 2005 में उन्होंने दो हिंदी टीवी शो अदा (2005) और टाइम बम 9/11 (2005) में काम किया। अमृता खानविलकर ने फिल्म गोलमाल (2006) के साथ मराठी फिल्म इंडस्ट्री में पदार्पण किया। इसके बाद वह अपनी पहली हिंदी फिल्म मुंबई सालसा (2007) में दिखाई दीं। इस फिल्म में उन्होंने मंजरी फडनीस के किरदार की एक कामुक फ्लैटमेट की भूमिका निभाई।

मराठी से हिंदी सिनेमा तक अमृता का दमदार सफर

इसके बाद अमृता ने साडे माडे तीन (2007), गैर (2009), शाला (2011), फक्त लढ म्हणा (2011), झकास (2011), सतरंगी रे (2012), बाजी (2015), एक दूजे के लिए (2015), वन वे टिकट (2016), बस स्टॉप (2017), अनी… डॉ. काशीनाथ घाणेकर (2018), रामपात (2019), वेलडन बेबी (2021), चंद्रमुखी (2022), हर हर महादेव (2022) और ऑटोग्राफ (2023) जैसी मराठी फिल्मों में काम किया।

फिल्म चंद्रमुखी (2022) 50 दिनों से अधिक समय तक थिएटर में प्रदर्शित होती रही। क्षेत्रीय सिनेमा को इस तरह की सफलता विरले ही देखने को मिलती है। हर हर महादेव (2022) में छत्रपति शिवाजी के कमांडर बाजी प्रभु देशपांडे की भूमिका निभा रहे शरद केलकर की पत्नी सोनाबाई देशपांडे के किरदार में अमृता के काम की खूब सराहना हुई।

मराठी फिल्मों के साथ-साथ अमृता ने हैट्रिक (2007), कॉन्ट्रैक्ट (2008), फूंक (2008), फूंक 2 (2010), फिल्म सिटी (2010), हिम्मतवाला (2013), रंगून (2017), राज़ी (2018), सत्यमेव जयते (2018) और मलंग (2020) जैसी हिंदी फिल्मों में भी काम किया। हिम्मतवाला (2013) में अमृता ने “धोका धोका” गीत में विशेष उपस्थिति दर्ज कराई, वहीं वॉर ड्रामा फिल्म रंगून (2017) में उन्होंने महारानी की एक छोटी भूमिका निभाई।

राज़ी से ओटीटी तक अमृता की मजबूत पहचान

मेघना गुलज़ार की फिल्म राज़ी (2018) में अमृता, आलिया भट्ट की पाकिस्तानी विधवा भाभी मुनीरा के किरदार में नजर आईं। इस भूमिका में उनका अभिनय बेहद प्रभावशाली रहा। मिलाप जावेरी निर्देशित सत्यमेव जयते (2018) में अमृता ने मनोज बाजपेयी की पत्नी का किरदार निभाया, जबकि मोहित सूरी की एक्शन थ्रिलर मलंग (2020) में वह कुणाल खेमू की पत्नी की भूमिका में दिखाई दीं।

अमृता ने मराठी की तरह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में भी अपनी उपस्थिति मजबूती से दर्ज कराई है। आज वह मराठी और हिंदी फिल्मों के साथ टीवी तथा ओटीटी मनोरंजन के लगभग सभी माध्यमों में सक्रिय हैं। इस वर्ष की शुरुआत में 14 जनवरी को अमृता खानविलकर, इमरान हाशमी के साथ नेटफ्लिक्स पर रिलीज सस्पेंस-थ्रिलर वेब सीरीज तस्करी: द स्मगलर्स वेब में नजर आईं। इस वेब सीरीज के माध्यम से अमृता ने ओटीटी पर भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

अमृता विवाहित हैं। उन्होंने इंडियाज़ बेस्ट सिनेस्टार्स की खोज (2004) के सह-प्रतिभागी हिमांशु मल्होत्रा के साथ लगभग एक दशक तक संबंध में रहने के बाद 24 जनवरी 2015 को दिल्ली में विवाह किया। वर्ष 2022 में अमृता खानविलकर को फिल्मफेयर पत्रिका के कवर पर स्थान मिला। इस तरह वह फिल्मफेयर पत्रिका के कवर पर स्थान पाने वाली पहली मराठी अभिनेत्री बनीं।

सुभाष शिरढोनकर

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button