आर्थिक संसाधनों को बढ़ाने में पशुपालन विकास ज़रूरी : मंत्री वाकिटी श्रीहरि

हैदराबाद, पशुपालन एवं डेयरी विकास मंत्री वाकिटी श्रीहरि ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि पशुपालन विभाग को इस प्रकार विकसित किया जाए, जिससे तेलंगाना के आर्थिक संसाधनों में वृद्धि हो।

मंत्री वाकिटी श्रीहरि ने आज सचिवालय में वर्ष 2026-27 के लिए पशुपालन एवं डेयरी विकास से संबंधित बजट प्रस्तावों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल नवाचारी सोच के माध्यम से ही पशुपालन क्षेत्र में सार्थक परिवर्तन लाए जा सकते हैं। डेयरी क्षेत्र के समग्र और सतत रूप से आगे बढ़ने पर तेलंगाना का सर्वांगीण विकास संभव है। मंत्री ने बजट में केवल आवंटित राशि पर ध्यान देने के बजाय उसके प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने पर ज़ोर दिया।

साथ ही, अधिकारियों को उच्च बजट आवंटन सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने और आर्थिक विकास तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने वाली सरकारी योजनाएँ तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि तेलंगाना में योजनाएँ तैयार करते समय हरियाणा, तमिलनाडु, गुजरात जैसे राज्यों की श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को अपनाया जाए। उन्होंने बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए पशुपालन एवं डेयरी क्षेत्रों के सफल मॉडलों का अध्ययन कर स्वच्छ दूध तथा पौष्टिक चिकन, मटन और मछली के उत्पादन को सुनिश्चित करने पर ज़ोर दिया।

पशु चिकित्सा ढांचे और कर्मचारियों के कल्याण पर जोर

मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय और जिम्मेदार कार्यप्रणाली से सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगे। उन्होंने निर्देश दिया कि डेयरी क्षेत्र से जुड़े सभी पहलुओं, जैसे दूध उत्पादन, बुनियादी ढाँचा और लॉजिस्टिक्स, को बजट में समुचित रूप से शामिल किया जाए। साथ ही डेयरी क्षेत्र में समन्वय को सुदृढ़ करने के लिए आईएएस स्तर के अधिकारी की नियुक्ति का प्रस्ताव रखा, जिससे दुग्ध उत्पादन में वृद्धि में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़े: राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के लिए सरकार का सहयोग रहेगा : वाकिटी श्रीहरि

मंत्री ने पशु चिकित्सा संस्थानों के बुनियादी ढाँचे के विकास और कर्मचारियों के कल्याण को बजट में पर्याप्त प्राथमिकता देने की वकालत करते हुए कहा कि पशुधन के लिए समय पर टीकाकरण और दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु समुचित बजटीय प्रावधान किया जाए। बैठक में डेयरी विकास निगम के अध्यक्ष गुत्ता अमित रेड्डी, पशुपालन, डेयरी विकास एवं मत्स्य विभाग के सचिव इलंबर्ती, अधिकारी गोपी, चंद्रशेखर रेड्डी, नरसिंह राव एवं अन्य उपस्थित थे।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button