लैंप लाइटिंग समारोह में नर्सिंग छात्राओं ने सेवा व करुणा की शपथ ली

हैदराबाद, महिला दक्षता समिति शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित सुमन जूनियर एंड वोकेशनल कॉलेज, वी.डी. बाजाज डिग्री कॉलेज तथा बंसीलाल मालाणी कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में बीएससी नर्सिंग के 9वें बैच की छात्राओं के लिए लैंप लाइटिंग सेरेमनी अत्यंत गरिमापूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में उद्योगपति एवं समाजसेवी चंद्रकांत अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि डॉ. के. गायत्री, एमडी, कंसल्टेंट हेमेटोपैथोलॉजिस्ट, तपाड़िया डायग्नोस्टिक सेंटर, डॉ. बाला कुमार, प्राचार्य, हिन्दी महाविद्यालय, इंटर, डिग्री एवं पीजी कॉलेज, एच. स्वर्णलता, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर एवं इंदिरम्मा नर्सिंग ऑफिसर, निम्स, पंजागुट्टा, हिन्दी महाविद्यालय के वॉइस प्रेसिडेंट श्याम सुंदर मूंदड़ा, बायोटेक्नोलॉजी की विभाग अध्यक्ष नीता कुलकर्णी, हिन्दी महाविद्यालय के जॉइंट सेक्रेटरी प्रदीप दत्त उपस्थित रहे।

लैंप लाइटिंग समारोह को बताया गौरव का अवसर

महिला दक्षता समिति की फाउंडर अध्यक्ष डॉ. सरोज बजाज ने अतिथियों का स्वागत कर उनका संक्षिप्त परिचय देते हुए कहा कि आज का यह अवसर हम सभी के लिए अत्यंत हर्ष व गौरव का विषय है। महिला दक्षता समिति शिक्षण संस्थानों के बीएससी नर्सिंग के 9वें बैच की छात्राओं के लैंप लाइटिंग समारोह में आप सभी की गरिमामयी उपस्थिति इस आयोजन को विशेष बना रही है। उन्होंने कहा कि मुख्य अतिथि चंद्रकांत अग्रवाल दूरदर्शी व्यक्तित्व के धनी हैं, जिनका योगदान उद्योग जगत से कहीं आगे बढ़कर स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सेवा के क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

थैलेसीमिया एवं सिकल सेल सोसाइटी, हैदराबाद के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने हजारों परिवारों को निशुल्क सेवाएँ प्रदान करने वाली विश्व की अग्रणी संस्थाओं में से एक का निर्माण किया है। उनके नेतृत्व में इस संस्था ने उन्नत जाँच, निवारक क्रीनिंग, परामर्श एवं जागरूकता अभियानों को व्यापक रूप दिया है। साथ ही नवदुर्गा ग्रुप ऑफ इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष के रूप में वे औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि के. गायत्री कुशल एवं अनुभवी चिकित्सक हैं, जो हेमेटोपैथोलॉजी के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता के लिए जानी जाती हैं। रोगों के सटीक निदान और उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सभी के लिए प्रेरणादायक है। डॉ. सरोज बजाज ने कहा कि अन्य विशिष्ट अतिथि डॉ. बाला कुमार प्रख्यात शिक्षाविद् एवं हिन्दी महाविद्यालय की प्राचार्य हैं, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व और छात्रों के समग्र विकास हेतु उल्लेखनीय कार्य किया है।

यह भी पढ़ें… हैदराबाद मेट्रो रेल के अधिग्रहण पर प्रस्ताव पारित

तीन दशकों का अनुभव छात्राओं के लिए प्रेरणा बना

उनका अनुभव और मार्गदर्शन असंख्य विद्यार्थियों के जीवन को दिशा प्रदान करता रहा है। हमारे बीच उपस्थित विशिष्ट अतिथि एच. स्वर्णलता, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर तथा इंदिरम्मा, नर्सिंग ऑफिसर, (निम्स), जिनके पास लगभग तीन दशकों का समृद्ध अनुभव है, नर्सिंग क्षेत्र में समर्पण और सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उनका अनुभव, सेवा-भाव और प्रोफेशन के प्रति निष्ठा हमारी छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

महिला दक्षता समिति शिक्षण संस्थान ने वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का सुदृढ़ स्थान स्थापित किया है। महिलाओं के सशक्तिकरण और सर्वांगीण विकास के प्रति समर्पित यह संस्थान विद्यालयों, जूनियर कॉलेज, डिग्री कॉलेज एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के माध्यम से ज्ञान, अनुशासन और नैतिक मूल्यों का संवर्धन कर रहा है। इन संस्थानों में नर्सिंग कॉलेज विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जो कुशल, संवेदनशील और प्रशिक्षित नर्सिंग पेशेवरों को तैयार करने हेतु समर्पित है। यहाँ अनुभवी प्राध्यापक, आधुनिक प्रयोगशालाएँ और प्रतिष्ठित अस्पतालों में उत्कृष्ट क्लीनिकल प्रशिक्षण की सुविधाएँ उपलब्ध हैं, जो सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक ज्ञान का संतुलित समन्वय प्रदान करती हैं।

हम यहाँ बीएससी नर्सिंग के 9वें बैच के लैंप लाइटिंग समारोह का उत्सव मनाने के लिए एकत्रित हुए हैं, जो उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है और इस पेशे में उनके औपचारिक प्रवेश का प्रतीक है। आज का समारोह विशेष महत्व रखता है, क्योंकि यह फ्लोरेंस नाइटिंगेल के आदर्शों से प्रेरित ज्ञान, करुणा और सेवा के प्रकाश का प्रतीक है। जब प्रत्येक छात्रा दीप प्रज्ज्वलित करती है, तो वह नर्सिंग पेशे की गरिमा, उत्तरदायित्व और निस्वार्थ सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त करती है।

छात्राओं को सेवा और समर्पण के पथ पर चलने की प्रेरणा

छात्राओं से कहा कि जब आप इस महान सेवा पथ पर आगे बढ़ें, तो सदैव स्मरण रखें कि आप समाज में सेवा, आशा और उपचार की ज्योति लेकर चलने वाली दीपवाहक हैं। सभी छात्राओं को इस महत्वपूर्ण यात्रा के प्रारंभ के लिए हार्दिक बधाई देती हूँ और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए कामना करती हूँ। विशिष्ट अतिथि डॉ. के. गायत्री ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नर्सें स्वास्थ्य प्रणाली की रीढ़ होती हैं।

वे हर विभाग में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और रोगियों की देखभाल केवल शारीरिक ही नहीं, बल्कि भावनात्मक रूप से करती हैं। उन्होंने बताया कि नर्सें रोगियों के साथ रहकर उन्हें सहारा, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करती हैं, जो उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायक होती है। नर्सों को रोगियों के साथ अपना भी ध्यान रखना है। विशिष्ट अतिथि डॉ. बाला कुमार ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्थान का संचालन अत्यंत उत्कृष्ट रूप से किया जा रहा है और कॉलेज का अनुशासन व प्रबंधन सराहनीय है।

कॉलेज की प्रगति में डॉ. सरोज बजाज का योगदान अनुकरणीय है। उन्होंने छात्राओं को निष्ठा और परिश्रम के साथ अध्ययन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने उल्लेख किया कि देश के विभिन्न राज्यों, जैसे केरल से छात्राएँ यहाँ अध्ययन हेतु आती हैं, जो इस संस्थान की गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना में नर्सें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और राष्ट्र सेवा में अपना योगदान दे रही हैं।

निष्ठा, धैर्य व संवेदनशीलता को बताया जरूरी गुण

एच. स्वर्णलता ने कहा कि नर्सिंग अत्यंत नोबल प्रोफेशन है, जो सेवा, करुणा व समर्पण की भावना पर आधारित है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इस पेशे में केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि निष्ठा, धैर्य और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि यदि नर्सें पूरे समर्पण और ईमानदारी के साथ सेवा करती हैं, तो वे न केवल रोगियों के जीवन में सुधार लाती हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन का कारण बनती हैं।

इंदिरम्मा नर्सिंग ऑफिसर, निम्स ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सिंग प्रोफेशन में आना अपने आप में भगवान का आशीर्वाद है। हर किसी को यह अवसर नहीं मिलता कि वह सीधे मानव सेवा से जुड़ सके। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे इस अवसर का सम्मान करें और अपने कार्य को सेवा भाव व जिम्मेदारी के साथ निभाएँ। सच्ची नर्स अपने व्यवहार, देखभाल और समर्पण से रोगियों के जीवन में आशा व विश्वास का संचार करती है।

मुख्य अतिथि चंद्रकांत अग्रवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज सेवा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि थैलेसीमिया एवं सिकल सेल सोसाइटी, सेवा केंद्रों के माध्यम से जरूरतमंदों को निशुल्क सेवाएँ प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने नर्सिंग को महान एवं सेवा-प्रधान प्रोफेशन बताते हुए छात्राओं को समर्पण और करुणा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज की सेक्रेटरी अरुणा मलाणी,महिला दक्षता समिति की उपाध्यक्ष मुन्ना जाखोटिया, कार्यकारी सदस्य शकुंतला नावंदर, एल. अनुराधा, के. अनसूया, जी. लक्ष्मी, नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल सुशीला पाटिल, इंटर एवं डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल रमा कुमारी शिक्षक एवं शिक्षकेतर वर्ग उपस्थित रहे। राष्ट्रगान से कार्यक्रम का समापन किया गया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button