ऑटिज्म टॉक में दिया गया जागरूकता पर जोर
हैदराबाद, विश्व ऑटिज्म जागरूकता दिवस के अवसर पर माधव ऑटिज्म फाउंडेशन द्वारा काचीगुड़ा स्थित बद्रुका कॉलेज ऑफ कॉमर्स एंड आर्ट्स में विशेष कार्यक्रम ऑटिज्म टॉक आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मेरेडियन सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की कुलपति अंजलि राजदान ने भाग लिया।









अपने संबोधन में अंजलि राजदान ने कहा कि भारत में पिछले कुछ वर्षों में ऑटिज्म के मामलों में अपार वृद्धि के लक्षण सामने आये हैं। हमारे देश में ऑटिज्म के प्रति और अधिक जागरूकता की आवश्यकता है। ऑटिज्म के क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं के विस्तार के लिए विभिन्न स्कूलों के शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाना बेहतर और महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। आर्टिस्टिक बच्चों को समाज की मुख्यधारा में स्वीकार करना सर्वसमाज की जिम्मेदारी होनी चाहिए।
कार्यक्रम के विशेष अतिथि बद्रुका कॉलेज के सचिव श्रीकिशन बद्रुका ने कहा कि ऑटिज्म से संबंधित विषय और चर्चा उनके लिए नया और पहला अनुभव है। उन्होंने बताया कि इस तरह के आयोजन का बद्रुका कॉलेज के परिसर में होना उनके लिए हर्ष का विषय है। यह ऑटिज्म जागरूकता अभियान में सहायक साबित होगा।
सम्मानीय अतिथि के रूप में उपस्थित राजस्थानी स्नातक संघ के अध्यक्ष मनोज गोयल ने अपने शैक्षणिक काल का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी शिक्षा भी बद्रुका कॉलेज में हुई। इसी कॉलेज के मंच पर अतिथि के रूप उपस्थित होना उनके लिए हर्ष का विषय है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को अपने जीवन में चैलेंज स्वीकार करने और ऑटिज्म जागरूकता अभियान से जुड़कर सहयोग करने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें… जैन रिलीफ फाउंडेशन ने पूरे किये सेवा के दस साल
सभी अतिथियों और पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन किया गया
विशेष अतिथि प्रमुख अधिवक्ता और सामाजिक कार्यकर्ता भारती रजवानी ने फाउंडेशन द्वारा ऑटिज्म के क्षेत्र में की जा रही सेवाओं की प्रशंसा करते हुए फाउंडेशन को हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व उपस्थित सभी अतिथियों और फाउंडेशन के पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। फाउंडेशन की संस्थापिका और अध्यक्ष डॉ. सुमन सर्राफ तथा उपाध्यक्ष अनिल सराफ ने उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ और शॉल से स्वागत किया।
सचिव डॉ. दिलीप पंसारी ने फाउंडेशन की स्थापना के मूल उद्देश्य, स्थापना से 9 वर्ष के अब तक के सफर में फाउंडेशन द्वारा की गई गतिविधियों इत्यादि से लोगों को अवगत कराते हुए उपस्थित जन का फाउंडेशन से जुड़ने और सहयोग करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के द्वितीय चरण में डॉ. सुमन सर्राफ ने ऑटिज्म से जुड़े अपने 25 वर्षों के अनुभव, ऑटिज्म से संबंधित अन्य जानकारी के साथ ही ऑटिज्म के प्रमुख लक्षण, कारण, सुरक्षा आदि से अवगत कराया और उपस्थित छात्र-छात्राओं तथा अन्य द्वारा किए गए संबंधित सवालों का स्पष्टीकरण दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं में से कुछ ने स्वयं को माधव ऑटिज्म फाउंडेशन से जोड़कर इस मुहिम में साथ देने की इच्छा जताई। हिमाद्री समूह, अग्रमंच प्रकाशन समूह, नव्या सिल्क्से और अन्य के सहयोग से संपन्न हुए कार्यक्रम में ऑटिज्म के क्षेत्र में नियमित सेवारत सुमन ऑटिज्म सेंटर के सभी 3 केंद्रों और दि टर्टल प्ले स्कूल के शिक्षकों, फिजिशियन, प्रशिक्षकों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



