बंडारू दत्तात्रेय की आत्मकथा का लोकार्पण 8 जून को
हैदराबाद, तेलंगाना से भाजपा के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय की तेलुगु भाषा में प्रकाशित आत्मकथा प्रजला कथे ना आत्मकथा (तेलंगाना के लोगों की कहानी मेरी ज़बानी) का लोकार्पण रविवार, 8 जून को माधापुर स्थित शिल्पकला वेदिका में किया जाएगा।
सुबह 10.30 बजे से शिल्पकला वेदिका में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायुडू, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायुडू, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमणा, आंध्र प्रदेश, ओड़िशा और त्रिपुरा के राज्यपाल अब्दुल नजीर, डॉ. कंभमपति हरिबाबू, एन. इंद्रसेन रेड्डी, केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीनिवास वर्मा सहित बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के नेता हिस्सा लेंगे।
यह भी पढ़ें… हज समिति इफ्तार पार्टी में राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय हुए शामिल
बंडारू दत्तात्रेय की प्रेरणादायक आत्मकथा
गौरतलब है कि बंडारू दत्तात्रेय ने बहुत ही साधारण पृष्ठभूमि से निकलकर पार्टी के स्तर पर विभिन्न पदों के अलावा केंद्रीय मंत्री एवं राज्यपाल के रूप में कार्य किया। सामान्य रूप से वह दत्तन्ना के रूप में लोकप्रिय हैं। उन्होंने अपने सत्तर वर्षों के अनुभवों को आत्मकथा में शामिल किया है। बंडारू दत्तात्रेय का कार्य जीवन गौलीगुड़ा बाज़ार में प्याज बेचने में अपनी माँ की मदद करने से शुरू हुआ था। अनवरुउलूम कॉलेज में छात्रावस्था के दौरान वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक बन गये।
1977 में दिविसीमा चक्रवात के दौरान लाशों के अंतिम संस्कार करने में उनकी भूमिका को लोग याद करते हैं। आपातकाल के दौरान कई दिन तक जेल में रहने वाले दत्तात्रेय ने भाजपा नेता, दो बार केंद्रीय मंत्री और अब राज्यपाल के रूप में कई जिम्मेदारियाँ निभाईं। संयुक्त आंध्र प्रदेश में जब पृथक तेलंगाना आंदोलन शुरू हुआ, तो उन्होंने दशहरे के बाद अलाई बलाई उत्सव की शुरुआत की, जिसमें सभी क्षेत्रों के लोगों के लिए एक मंच प्रदान किया गया, ताकि लोग एकजुट रहें। उनके जीवन की अनेक प्रेरक कथाएँ आत्मकथा में शामिल हैं, जिसे एमेस्को पब्लिशर्स ने प्रकाशित किया है। लोकार्पण समारोह का आयोजन अलाई बलाई फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



