54 साल बाद खुला बांके बिहारी मंदिर का तोशाखाना, हुआ विवाद


मथुरा (उप्र), मथुरा जिले में स्थित प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के 1971 से बंद तोशाखाना (खजाना) को उच्चतम न्यायालय द्वारा गठित उच्चाधिकार प्राप्त समिति के आदेश पर धनतेरस (शनिवार) को करीब 54 वर्षों बाद खोला गया। एक अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
उच्चतम न्यायालय ने अगस्त 2025 के अपने आदेश में मंदिर के दैनिक कार्यों की देखरेख के लिए इलाहाबाद उच्च न्यायालय वे सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति अशोक कुमार की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय उच्चाधिकार प्राप्त अंतरिम समिति का गठन किया था। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्मा ने बताया, दीवानी न्यायाधीश (जूनियर डिवीजन) की देखरेख में, चार गोस्वामी सदस्यों सहित अन्य सदस्यों के साथ खजाने के कमरे को खोला गया।
कमरा खोलने में कुछ कठिनाई हुई। प्रक्रिया अपराह्न एक बजे शुरू हुई और शाम पाँच बजे समाप्त हुई। इसके बाद कमरे को दोबारा सील कर दिया गया। कमरे में कुछ पीतल के बर्तन, लकड़ी की वस्तुएं, कुछ बक्से और लकड़ी के संदूक मिले, लेकिन कोई कीमती धातु नहीं मिली।

एडीएम ने बताया कि अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य को पूरा करने के लिए दीवानी न्यायाधीश द्वारा तय की गई अगली तारीख को कमरा दोबारा खोला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि ऑडिटर की टीम ने कमरे में मिली वस्तुओं की सूची बना ली है। हालांकि, गोस्वामी समुदाय इस कदम का विरोध कर रहा था। उच्चाधिकार प्राप्त समिति के एक सदस्य शैलेंद्र गोस्वामी ने कहा कि तोशाखाना खोला ही नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने कहा, मैंने इस कदम का विरोध किया और इस संबंध में पत्र भी लिखे हैं।
शैलेंद्र गोस्वामी ने कहा, यह समिति एक अंतरिम समिति है, स्थायी नहीं। माननीय उच्चतम न्यायालय ने इसका गठन केवल भक्तों के दर्शन की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए किया था। समिति को अन्य मामलों में हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। वे अनुचित लाभ उठा रहे हैं और अधिकारों का अतिक्रमण कर रहे हैं। वे खजाना क्यों खोल रहे हैं, और इससे क्या साबित करना चाहते हैं?
उच्चतम न्यायालय के वकील एवं मंदिर सेवायत सुमित गोस्वामी ने कहा कि इस तदर्थ समिति को तोशाखाना खोलने का अधिकार नहीं था। समिति को केवल यह देखना था कि ठाकुर जी के दर्शन भक्तों के लिए सुगम हों। इसके अलावा, उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया का सीधा प्रसारण नहीं किया गया। शैलेंद्र गोस्वामी ने कहा कि वीडियोग्राफी की गई थी। उन्होंने कहा कि उच्चाधिकार प्राप्त समिति के एक गोस्वामी सदस्य, श्रीवर्धन गोस्वामी स्वास्थ्य कारणों से उपस्थित नहीं थे। बांके बिहारी मंदिर के एक पदाधिकारी ज्ञानेंद्र गोस्वामी ने कक्ष के खोलने पर चिंता जताई और कहा कि यह प्रक्रिया अधिक पारदर्शी तरीके से होनी चाहिए थी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि मीडिया को अनुमति क्यों नहीं दी गई ?(भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
