सुंदर तन व अमूल्य भव बार-बार नहीं मिलता : साध्वी जयश्रीजी


हैदराबाद, 84 लाख योनियों में मानव जीवन बहुत दुर्लभता से नसीब होता है। इसके द्वारा मानव सम्पूर्ण सफलता प्राप्त कर आत्मा से परमात्मा तत्व तक की प्राप्ति करने में सक्षम बन सकता है। सुंदर तन व यह अमूल्य भव बार-बार नहीं मिलता है।उक्त उद्गार श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ग्रेटर हैदराबाद के तत्वावधान में काचीगुड़ा स्थित श्री पूनमचंद गांधी जैन स्थानक में चातुर्मासिक धर्मसभा को संबोधित करते हुए श्रमण संघीय राजस्थान वीरांगना साध्वी जयश्रीजी म.सा आदि ठाणा-3 ने व्यक्त किये।
संघ के मंत्री धर्मेंद्र नाहर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, साध्वी जयश्रीजी म.सा ने कहा कि यदि मनुष्य के मन में यह भ्रम है कि इस बार यदि धर्म क्रिया करके अपने कर्मों को हल्का नहीं कर सका, तो अगले भव में कर लूंगा, तो आज तक दुनिया में यह कोई नहीं जान सका है कि अगला भव मानव का मिलेगा या नहीं। साध्वी समीक्षाश्रीजी ने जीवन की क्षणभंगुरता पर गीतिका के माध्यम से विचार रखे।
धर्मसभा में जैन शिक्षण संस्कार और भव्य आयोजन
संघ के महामंत्री पवन कटारिया ने धर्मसभा का संचालन करते हुए कहा कि 43वाँ जैन धार्मिक शिक्षण संस्कार शिविर गतिमान है। शिविर संयोजक उज्जवल सुराणा के नेतृत्व में बच्चों के जीवन में धर्म व संस्कारों का बीजारोपण किया जा रहा है। आगामी श्री शाश्वत नपद आसोज मास ओलीजी के तहत साध्वी जयश्रीजी म.सा के सानिध्य में आगामी 29 सितंबर से 7 अक्तूबर तक प्रतिदिन सुबह 9.15 से 10.15 बजे तक श्रीपाल चारित्र का वाचन रहेगा।

नवपद ओली के लाभार्थी परिवार मुल्तानमल प्रकाशचंद पद्मा देवी बरमेचा परिवार इसामिया बाजार हैं। नवपद ओली करने वाले तपस्वियों को प्रभावना किशनलाल धन्नी बाई चमनलाल अनिल मुथा परिवार द्वारा दी जाएगी। भव्य 1008 शालिभद्र लक्ष्मी सहजोड़े जाप का आयोजन रविवार 5 अक्तूबर को भाग्यनगर गौशाला लोअर टैंकबंड में सुबह 9.15 बजे से किया जाएगा।
धर्म सभा में बीबेवाड़ी संघ पुणे से पधारे संघ के अध्यक्ष पोपटलाल ओस्तवाल, उपाध्यक्ष माणिक दुगड़, ट्रस्टी सुनील बलाई का काचीगुड़ा संघ की ओर से बहुमान किया गया। बीबेवाड़ी संघ की ओर से वर्ष 2026 के वर्षावास के लिए गुरुवर्या के चरणों में उपाध्यक्ष मानिक दुगड़ ने विनती रखी, जिसे द्रव्य क्षेत्र काल भाव का आगार रखते हुए गुरुवर्या ने साधु मर्यादा सहित सहर्ष स्वीकृति प्रदान की।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।
