भाग्यनगर श्रीराम नवमी उत्सव समिति ने निकाली भव्य शोभायात्रा
हैदराबाद, जयश्री राम के गगनचुंबी नारों के बीच भाग्यनगर श्रीराम नवमी उत्सव समिति के तत्वावधान में श्रीराम नवमी पर कल्याणम् तथा भव्य शोभायात्रा का आयोजन भव्यता से किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा व उत्तर प्रदेश स्थित गोवर्धन पीठ के अनंत श्री विभूषित जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देव तीर्थजी महाराज ने बतौर अतिथि भाग लिया।
बेगम बाजार छतरी के पास भक्तों को संबोधित करते हुए जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी अधोक्षजानंद देव तीर्थजी महाराज ने कहा कि जो सनातन धर्म की मर्यादा का हनन करे, वह हमारा दुश्मन है। ऐसे दुश्मन को धरती पर रहने का कोई अधिकार नहीं है। रावण भी अधर्म के कारण ही मारा गया था। इसलिए देश व समाज में अधर्म का प्रतिरोध करें।
उन्होंने कहा कि अधर्म का आचरण महापाप है, उसी प्रकार अधर्म को स्वीकार करना भी महापाप है। उन्होंने कहा कि जो अधर्मी भगवान के प्रति मर्यादा का उल्लंघन करता है, उसका व्यक्तिगत, सामाजिक तौर पर प्रतिरोध होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तुम धर्म की रक्षा करो, धर्म तुम्हारी रक्षा करेगा। त्याग, बलिदान, सत्य व निष्ठा धर्म के प्रमुख लक्षण हैं, जिनका पालन करना चाहिए।
उन्होंने श्रीरामजी के जीवन चरित्र से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए कहा कि पिता के कहने पर रामजी सीधे वनवास पर निकल पड़े थे। हम सबको अपने बड़ों की आज्ञा का पालन करना चाहिए। जिनका हृदय पवित्र होता है, भगवान उसमें निवास करते हैं। अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि पूज्य महाराज उत्तर पूर्वी, बंगलादेश का भी भ्रमण कर हिन्दू धर्म का प्रचार करते हैं।
यह भी पढ़ें… भाग्यनगर श्रीराम नवमी उत्सव समिति का कार्यालय उद्घाटित
श्रीराम नवमी शोभायात्रा में धर्म और एकता का संदेश
हमारे भारत की संस्कृति में कहा जाता है कि जो धर्म की रक्षा करता है, धर्म उसकी रक्षा करता है। श्रीराम भगवान भारतीय संस्कृति, मूल्य, भारतीय सोच की प्रतिमूर्ति हैं। श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम कहा गया है जो भारतीयता का प्रतीक हैं। समिति के अध्यक्ष डॉ. भगवंत राव ने बताया कि हिन्दू धर्मावलम्बियों को संगठित करने के उद्देश्य से श्रीराम नवमी के तत्वावधान में वर्ष 2010 से शोभायात्रा निकाली जा रही है।
स्थानीय विधायक भी इसी शोभायात्रा का हिस्सा थे, लेकिन बाद में अलग से शोभायात्रा निकालने लगे और इसका खुद श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा कि धर्म का धंधा बंद करें और समाज को संगठित करने के लिए कार्य करें। बेगम बाजार छतरी के पास शोभायात्रा का स्वागत लड्डू यादव ने किया। मार्ग में विभित्र सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत मंच लगाकर भक्तों का स्वागत पुष्प वर्षा, प्रसाद द्वारा किया गया।
शोभायात्रा सीतारामबाग मंदिर से आरंभ होकर भोईगुड़ा कमान, मंगलहाट, धूलपेट, जाली हनुमान, पुराना पुल, जुमेरात बाजार, चूड़ी बाजार, बेगम बाजार छतरी, बेगम बाजार किराणा मार्केट, बर्तन बाजार, सिद्दिअम्बर बाजार, शंकरशेर होटल, गौलीगुड़ा चमन, गुरुद्वारा, राम मंदिर, पुतली बावली कोठी से वूमेंस कॉलेज रोड होती हुई कोठी आंध्रा बैंक के पास पहुंच कर संपन्न हुई।
अवसर पर त्रिपुरा के डिप्टी स्पीकर रामप्रसाद पॉल, समिति के महामंत्री गोविंद नारायण राठी, समिति के उपाध्यक्ष एम. वैकुंठम, सदस्य करोड़ीमल नरसिंगपुरिया, श्रीराम व्यास, महेंद्र व्यास, नारायण सारडा, नरसिम्हा, सुमित राठी, वेंकटेश गौड़, गिरिधर, विजय कुमार, पवन मिश्रा व अन्य ने उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



