भारत टैक्सी जल्द पूरे देश में उपलब्ध होगी : सरकार
नयी दिल्ली, सरकार ने बुधवार को कहा कि सहकारी क्षेत्र की परिवहन सेवा ‘भारत टैक्सी’ का अगले दो से तीन वर्षों में देश के सभी बड़े शहरों और तालुका तक विस्तार किया जाएगा।
राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान सहकारी समितियों द्वारा रोजगार सृजन से जुड़े पूरक सवालों के जवाब में सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल ने कहा कि भारत टैक्सी की शुरुआत ड्राइवरों को सशक्त बनाने और उनकी आय बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने कहा कि इसकी बुकिंग मोबाइल ऐप के माध्यम से आसानी से की जा सकती है। इसमें सुरक्षा की पूरी गारंटी और पूर्ण पारदर्शिता है। इसे दिल्ली पुलिस के साथ भी संबद्ध किया गया है।
मंत्री ने बताया कि भारत टैक्सी फिलहाल दिल्ली-एनसीआर के अलावा गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, सोमनाथ और द्वारका में संचालित हो रही है। उन्होंने कहा कि अगले दो या तीन वर्षों में इस सेवा को सभी बड़े शहरों और तालुका तक पहुंचाया जाएगा। अब तक इसके साथ चार लाख ड्राइवर पंजीकृत हो चुके हैं।
यह भी पढे़: भयभीत हैं केसीआर और हरीश राव : सरकार
पिछले महीने केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत की थी, जो सहकारी आधार पर संचालित देश का पहला राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है। यह मंच देश की आठ प्रमुख सहकारी संस्थाओं द्वारा स्थापित किया गया है, जिनमें डेयरी क्षेत्र की प्रमुख संस्था अमूल भी शामिल है। सरकार का कहना है कि इससे ड्राइवरों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और उन्हें स्वामित्व का लाभ भी मिलेगा। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



