बिहार : उच्च सदन जाएँगे नीतीश कुमार

नई दिल्ली, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राज्यसभा चुनाव के लिए संभवत: बृहस्पतिवार को पटना में अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। सूत्रों ने यह जानकारी दी। इससे यह संकेत मिलता है कि राज्य में नया मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। सूत्रों ने कहा कि जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे और इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समयसीमा बृहस्पतिवार को समाप्त हो जाएगी।

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन(राजग) के एक सूत्र ने कहा कि जद (यू) अध्यक्ष नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपना-अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहेंगे। जब यह पूछा गया कि क्या कुमार बिहार के मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा देंगे, तो सूत्र ने कहा कि यह समय आने पर पता चलेगा।

नीतीश ने 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी

नीतीश ने लगभग चार महीने पहले 20 नवंबर को पटना में आयोजित भव्य समारोह में रिकॉर्ड 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। वह बिहार के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहे हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राजग शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों और गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं ने शिरकत की थी। वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में राजग को शानदार जीत मिली थी।

यह भी पढ़ें… ईरान-इजराइल युद्ध का पाँचवां दिन : तेहरान पर हवाई हमले, मिसाइल-ड्रोन से जवाब

भाजपा ने पार्टी प्रमुख नितिन नवीन और बिहार इकाई के महासचिव शिवेश कुमार को राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया है। राजग में शामिल दल राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया गया है। हालांकि जद (यू) ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नही की है। बिहार के ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने मंगलवार को  कहा था कि होली की पूर्व संध्या पर मेरे पास बिहार की जनता के साथ साझा करने के लिए एक खुशखबरी है। काफी समय से जद (यू) के अंदर और राज्य के युवाओं के बीच यह मांग उठ रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत राजनीति में कदम रखें। उन्होंने कहा था कि इसके लिए रास्ता साफ हो गया है और एक या दो दिन में औपचारिक घोषणा की जाएगी। (भाषा)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button