बीकानेर : नाले में तैरते दिखे 500-500 के नोट, देखते ही देखते मच गई भगदड़
बीकानेर, राजस्थान के बीकानेर में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। शहर के मुक्ताप्रसाद थाना क्षेत्र स्थित अंत्योदय नगर में एक सार्वजनिक पार्क के पास बने टॉयलेट के नजदीक सीवरेज चैम्बर से अचानक 500-500 रुपये के नोट निकलने लगे। देखते ही देखते यह खबर आग की तरह फैली और मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
घटना शहर के नेहरू पार्क और ईएसआई अस्पताल के बीच स्थित इलाके की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कुछ युवकों को एक खुले सीवरेज चैम्बर के पास संदिग्ध गतिविधियां करते देखा गया। बताया जा रहा है कि बाइक पर आए दो-तीन युवक चैम्बर से नोटों से भरे कट्टे निकालकर तेजी से फरार हो गए। शुरुआत में लोगों को मामला समझ नहीं आया, लेकिन जब स्थानीय लोग पास पहुंचे तो गंदे पानी में 500 रुपये के नोट तैरते दिखाई दिए।
नोट उठाने की होड़ के बीच अफरा-तफरी जैसा माहौल
जैसे ही नोट दिखने की बात फैली, आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में वहां अफरा-तफरी जैसा माहौल बन गया। लोगों ने सीवरेज के बदबूदार पानी में हाथ डाल-डालकर नोट निकालना शुरू कर दिया। कोई नोटों को पानी से धो रहा था, तो कोई धूप में सुखाता नजर आया। कई लोग कपड़े गीले होने की परवाह किए बिना चैम्बर के पास झुंड बनाकर खड़े रहे।
यह भी पढ़ें… भारत विश्व में शांति का पक्षधर – मिडिल ईस्ट जंग पर बोले पीएम मोदी
इतना ही नहीं, पास ही मौजूद एक दूसरे सीवरेज चैम्बर को भी खोला गया। वहां भी नोटों का ढेर दिखाई देने की बात सामने आई है। लोगों के बीच नोट पाने की होड़ सी मच गई। कुछ लोग बोतलों और थैलों में नोट भरते नजर आए, तो कुछ मोबाइल से वीडियो बनाकर इस अनोखी घटना को कैद करते रहे।
सूचना मिलते ही मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर स्थिति संभाली और प्रारंभिक जांच शुरू की। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं है कि नोट असली हैं या नकली। जब्त किए गए कुछ नोटों को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। पुलिस का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। (एजेंसियाँ)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



