वोट चोरी चाहती है भाजपा : रेवंत रेड्डी
हैदराबाद, मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों को चेतावनी दी कि भाजपा सरकार शुरुआत में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) कार्यक्रम के ज़रिए उन्हें वोटर लिस्ट से हटा देगा और बाद में उनके आधार कार्ड और राशन कार्ड भी छीन लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा देश के संविधान को खत्म करने की कोशिश कर रही है और संविधान को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कांग्रेस पार्टी ने आज शाम दिल्ली के रामलीला मैदान में वोट चोर-गद्दी छोड़ नाम से महाधरना दिया।
एआईसीसी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पार्टी के शीर्ष नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी व पार्टी के अन्य नेताओं ने इसमें भाग लिया। राज्य से सीएम रेवंत रेड्डी, डिप्टी सीएम भट्टी विक्रमार्का, पीसीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ सहित राज्य के मंत्री, एमएलए, एमएलसी और पीसीसी नेता इस धरने में शामिल हुए। रैली को संबोधित करने के दौरान भाजपा पर बरसते हुए रेवंत ने कहा कि संविधान लिखते समय दलितों, आदिवासियों, अल्पसंख्यकों और गरीबों के वोट के अधिकार पर चर्चा हो रही थी, तो आरएसएस के विचारक एम.एस. गोलवलकर और अन्य नेता उन्हें वोट का अधिकार नहीं देने की बात कही थी। लेकिन गांधी और अंबेडकर ने उन्हें वोट का अधिकार दिया।
यह भी पढ़ें… तेलंगाना राइजिंग ग्लोबल समिट की सफलता पर रेवंत रेड्डी को बधाई
गांधी-अंबेडकर की विरासत और राहुल-खड़गे की भूमिका पर जोर
इस कारण इन वर्गों के लोग आज देश में सरकार बनाने में हिस्सा ले रहे है। आरएसएस और गोलवलकर की विचारधारा वाले नरेंद्र मोदी और अमित शाह केंद्र में सरकार बनाने के बाद अपनी विचारधारा लागू करने के लिए 400 सीटें मांगी थीं। रेवंत रेड्डी ने आगे कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा की असलियत जगजाहिर करते हुए कहा था कि अगर भाजपा को 400 सीटें दी गईं तो संविधान बदल दिया जाएगा और आरक्षण खत्म कर दिया जाएगा।
राहुल गांधी की बात मान कर देश के लोगों ने भाजपा को 240 सीटों पर रोक दिया। इसीलिए आज का संविधान और आरक्षण सुरक्षित है। इसके बाद भाजपा ने अपनी विचारधारा लागू करने हेतु एसआईआर के नाम पर अपनी कोशिशें पुन आरंभ की हैं। जैसे गांधी और अंबेडकर तब गरीबों, दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के लिए खड़े हुए थे, अब राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे इन वर्गों के साथ खड़े हैं। हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
रेवंत ने संदेह जताया कि एसआईआर के नाम पर पहले वोटर कार्ड हटाया जाएगा। इसके बाद आधार और राशन कार्ड भी रद्द किये जाएंगे। उसके बाद गरीबों के सारे अधिकार छीन लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा चुनावों या कांग्रेस पार्टी का नहीं, बल्कि देश का मुद्दा है। इस मुद्दे पर राहुल गांधी जो संघर्ष कर रहे है, उसमें शामिल होने के लिए तेलंगाना तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि वह चाहते हैं कि पूरे देश के लोग आगे आएं और इस आंदोलन में राहुल गांधी का साथ दें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



