साधारण सभा की बैठक में जन समस्याओं के विषय उठाएगी भाजपा
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) साधारण सभा की बैठक में जनहित संबंधित विषय उठाने का प्रस्ताव किया गया।
नामपल्ली स्थित प्रदेश भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा पार्षद दल के नेता जी. शंकर यादव ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में पार्टी की रणनीति को लेकर चर्चा की गई।
प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने पार्षदों को पार्टी की लाइन में रहकर जनसमस्याओं से संबंधित मुद्दों का निर्देश दिया, जिसके बाद सभी पार्षदों को तैयारी करने की भी अपील की गई। उन्होंने कहा कि भाजपा बैठक में मानसून के दौरान जीएचएमसी के लचर रवैये, स्ट्रीट लाइटों की समस्या, दूषित पानी, खुले सीवरेज, नालों की बदहाली समेत अन्य जनसमस्याओं से संबंधित विषय उठाएगी।
गोशामहल के पार्षद पी. लाल सिंह ने कहा कि साधारण सभा की बैठक में भाजपा पार्षदों से संबंधित 7 प्रश्नों का चयन किया गया, जिसमें उनके संभाग के विकास कार्यों से संबंधित चर्चा भी होगी। अवसर पर पार्षद दल की उप नेता डॉ. सुरेखा, के. दीपिका, के. नरसिम्हा, आर. सरला, पवन कुमार भी उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



