हैद्रा आयुक्त के पोस्ट को लेकर नाराज हुए बंडी संजय
हैदराबाद, पुराने शहर के सीमांत सल्कम चेरुवू (तालाब) परिधि में मजलिस पार्टी विधायक दल के नेता अकबरुद्दीन ओवैसी से संबंधित अवैध रूप से निर्मित फातिमा ओवैसी कॉलेज को मानवता के आधार पर ढहाने से छूट दिए जाने को लेकर हैदराबाद डिजास्टर रेस्पांस एंड एसेट प्रोटेक्शन एजेंसी (हैद्रा) प्रमुख रंगनाथ के बयान पर भड़के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी से प्रश्न किया कि मानवता के आधार पर ओवैसी को छूट देना अधिकारी का निर्णय है या सरकार का, स्पष्ट किया जाए?
क्या ओवैसी परिवार को सींग लगे हुए हैं जो मानवता के नाम पर छूट दी जा रही है। जग्तियाल जिले के वेमुलवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को प्रारंभ करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री बंडी संजय ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी सरकार से प्रश्न किया कि मानवता केवल ओवैसी परिवार के प्रति ही क्यों? उन्होंने कहा कि मूसी परिवाहक प्रांतों में जिन गरीबों के घरों-झोपड़ियों को मूसी सौदर्यीकरण के नाम पर निर्ममता से ढहा दिया गया, जिन्होंने वर्षो मेहनत करके पसीने की कमाई से अपना घरौंदा बनाया था, क्या उनके प्रति मानवता हैद्रा को नहीं दिखानी चाहिए थी?
ज्ञातव्य है कि हैद्रा प्रमुख रंगनाथ ने एक्स पर पोस्ट करते हुए बताया कि ओवैसी से संबंधित फातिमा कॉलेज में 10 हजार गरीब मुसलमान विद्यार्थी केजी टू पीजी की शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं और उन्हें नौकरी के भी अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। ऐसे में इनके भविष्य को दांव पर नहीं लगाया जा सकता है। इसलिए मानवता के आधार पर कॉलेज को ढहाने से छूट दी जा रही है।केंद्रीय गृह मंत्री बंडी संजय ने इसी को लेकर नाराजगी व्यक्त की और इसे वोट बैंक की राजनीति करार देते हुए मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी पर बरस पड़े।
यह भी पढ़ें… हैद्रा आयुक्त ने दिये नाला अतिक्रमण देखते ही हटाने के निर्देश
वोट बैंक पर बंडी संजय का तीखा हमला
बंडी संजय ने कहा कि गत वर्ष ही कॉलेज को नोटिस दिया गया था। इतने समय में विद्यार्थियों को दूसरे कॉलेजों में शिफ्ट किया जा सकता था क्यों अधिकारी गंभीर नहीं हुए। उन्होंने कहा कि मजलिस पार्टी से संबंधित नेता पुलिस कांस्टेबल को पीट देते हैं, पुराने शहर में बिजली बिल तक नहीं भरते पूछने आए बिजली कर्मचारियों को पीट दिया जाता है, सरकारी व निजी भूमियों पर मजलिस के कब्जे हो जाते हैं हर जगह उन्हें छूट है।
बंडी संजय ने हाल के समय ओवैसी अस्पताल से एक आतंकवादी गतिविधियों में पाए गए व्यक्ति को पुलिस द्वारा गिरफ्तार करके ले जाने की घटना का उल्लेख किया और कहा कि ओवैसी के कॉलेज से आतंकवादी धरा जाता है फिर भी सरकार कुछ नहीं कहती है लेकिन मूसी परिवाहक क्षेत्र में मेहनत से पसीने की कमाई पर घर बनाकर रह रहे गरीबों के प्रति मानवता नहीं दिखाई जाती है यह वोट बैंक की राजनीति नहीं तो और क्या है। उन्होंने तेलंगाना की जनता से कांग्रेस की वोट बैंक पॉलिटिक्स को समझने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रश्न किया कि ओवैसी परिवार को दी गई छूट का निर्णय सरकार का है या केवल हैद्रा अधिकारी का, स्पष्ट करें।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



