भाजपा को जिताकर करीमनगर की जनता ने दी है बड़ी ज़िम्मेदारी : बंडी संजय
हैदराबाद, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि 30 स्थानों पर जीत के साथ जनता के आशीर्वाद से करीमनगर कॉर्पोरेशन में भाजपा का भगवा लहराया है। यह सबसे बड़ी खुशी का पल है। माता के आशीर्वाद से प्राप्त यह जीत वह दुर्गामाता को समर्पित कर रहे हैं।
म्युनिसिपल चुनाव परिणाम आने के बाद करीमनगर के पूर्व महापौर सुनील राव व स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ मीडिया को संबोधित करते हुए बंडी संजय ने कहा कि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए धन्यवाद। उन्होंने कहा कि करीमनगर की जनता ने बड़ी जिम्मेदारी दी है। साथ ही आश्वासन दिया कि बीजेपी का महापौर बनने के बाद पार्टीबाजी से ऊपर उठकर करीमनगर के विकास हेतु सभी के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि करीमनगर में भ्रष्टाचार को कोई जगह नहीं रहेगी।
करीमनगर में कॉर्पोरेशन में आमूल चूल बदलाव की योजना
इसके लिए कॉर्पोरेशन में आमूल चूल बदलाव किए जाएँगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन सिन्हा के सहयोग से करीमनगर का विकास करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा में 2 सांसदों से केंद्र की सत्ता में भाजपा पहुँची। करीमनगर में भी केवल 2 कॉर्पोरेटर मात्र थे, अब 30 स्थानों पर जीत हासिल कर करीमनगर में भाजपा का भगवा झंडा फहराया है। अब विधानसभा चुनाव में भी भाजपा का भगवा लहराकर सत्ता हासिल की जाएगी।
मंत्री ने कहा कि कांग्रेस, बीआरएस और मजलिस ने मिलीभगत करके प्रति वोट 7 हजार रुपये बांटे, कई षड्यंत्र रचे, फिर भी भाजपा को जनता ने आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बीजेपी नेताओं को प्रलोभन दिए, लेकिन भाजपाइयों ने पार्टी के प्रति जो प्रतिबद्धता जताई है, उन्हें अवश्य ही आगे मौके मिलेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने थ्री मैन कमेटी का गठन किया और सर्वेक्षण कर पार्टी के 56 साधारण कार्यकर्ताओं को टिकट दिए।
30 स्थानों पर भाजपा प्रत्याशियों ने जीत हासिल की और 10 स्थानों पर केवल 100 मतों के अंतर से प्रत्याशी हारे हैं। कुछ स्थानों पर केवल 15 से 30 वोट के अंतर से भाजपा हारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के तौर पर करीमनगर के लिए एक पैसा तक केंद्र से नहीं लाने के आरोप लगाए गए, जिस पर जनता ने भरोसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि करीमगर के विकास पर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार ने 1500 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
यह भी पढ़ें… जीएचएमसी चुनाव के लिए केटीआर सक्रिय
मल्काजगिरी व साइबराबाद म्युनिसिपल में जीत के लिए पूरी मेहनत
मंत्री ने कहा कि पार्टी पर भरोसा करके नामांकन वापस लेने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को भविष्य में बेहतर मौके दिए जाएँगे, पार्टी उनके साथ खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि करीमनगर की जीत से प्रेरणा लेकर ग्रेटर हैदराबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन, मल्काजगिरी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन व साइबराबाद म्युनिसिपल कार्पोरेशन में भाजपा की जीत का भगवा लहराने पार्टी कार्यकर्ता पूरी मेहनत करेंगे।
मंत्री ने कहा कि करीमनगर में 7 सीटों वाली मजलिस को 3 सीटों तक सीमित करके रख दिया गया। विशेष तो यह है कि मजलिस का जिस क्षेत्र में आफिस है, वहीं भाजपा ने जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी खुद प्रचार में उतरे। रेवंत रेड्डी के बड़े भाई असदुद्दीन ओवैसी तथा छोटे भाई अकबरुद्दीन ओवैसी को बुलाकर करीमनगर की गली-गली में घुमाया गया, लेकिन वह कुछ नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि जनता ने पूर्व बीआरएस सरकार और वर्तमान कांग्रेस सरकार के शासन की तुलना करके देख लिया। दोनों सरकारों ने करीमनगर को कुछ नहीं दिया। मोदी सरकार जिस प्रकार करीमनगर के विकास हेतु निधियाँ दे रही है, विकास की गति न रुके इसके लिए भाजपा के सिर पर जीत का सेहरा बांधा है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



