महाशिवरात्रि पर नंदी पूजा का आह्वान, गोवंश संरक्षण पर जोर
हैदराबाद, देशी गोवंश संरक्षण संवर्धन समिति तथा विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा विभाग के तत्वावधान में महाशिवरात्रि के अवसर पर राज्यभर में ‘नंदी पूजा’ करने का आह्वान किया गया। इस दौरान समिति की ओर से वॉल पोस्टर का भी विमोचन भी किया गया।कार्यक्रम में देशी गोवंश संरक्षण संवर्धन समिति और तेलंगाना विश्व हिंदू परिषद के क्षेत्र सह-कार्यदर्शी वेंकट रेड्डी तथा गोरक्षा विभाग के क्षेत्र प्रमुख सुभाष चंद्र ने संयुक्त रूप से कहा कि 15 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन सभी हिंदू श्रद्धालु नंदी पूजा कार्यक्रम आयोजित करें और गोवंश संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाएँ।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि राज्य में नंदियों की उपेक्षा की जा रही है, उनके संरक्षण की दिशा में सरकार को गंभीरता से ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गोमाता के साथ-साथ नंदियों का संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है, क्योंकि इनके बिना गो-संतति का विकास संभव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि गोवंश संरक्षण से संबंधित कानूनों का प्रभावी पालन होना चाहिए और इस दिशा में प्रशासन को अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
परंपरागत कृषि और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया जाएगा
समिति पदाधिकारियों ने पशुसंवर्धन विभाग पर भी पर्याप्त ध्यान न देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अवैध रूप से संचालित हो रही गोवध शालाओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। बताया गया कि महाशिवरात्रि से आरंभ होकर 27 मई तक गोसंरक्षण से जुड़े विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को गोवंश रक्षा, परंपरागत कृषि और सांस्कृतिक महत्व के बारे में बताया जाएगा।
अवसर पर धर्माचार्य संपर्क प्रमुख पागुडाकुला बालास्वामी, गोरक्षा विभाग ट्रस्ट सचिव नेल्लूरी श्याम, राजेंद्र रेड्डी, भरत वंशी, राकेश, धीरज सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
यह भी पढ़े– प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक शानदार व्यक्ति और मेरे अच्छे मित्र हैं: ट्रंप
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



