कम्बोडिया साइबर गिरोह का पर्दाफाश, 5 गिरफ्तार
हैदराबाद, तेलंगाना की साइबर सुरक्षा ब्यूरो ने एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया, जो एक अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी गिरोह के साथ मिलकर भोले-भाले भारतीय नागरिकों से करोड़ों रुपये ठग रहा था। इस मामले में इस गिरोह को गैर-कानूनी तरीके से सिमकार्ड की आपूर्ति करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
यहाँ जारी प्रेस विज्ञप्ति में साइबर सुरक्षा ब्यूरो की निदेशक शिखा गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर-प्रदेश निवासी रिजवान (29), हैदराबाद निवासी सय्यद अशरफ अली (30), सय्यद सोहेल, अतीक अहमद और हनमकोंडा में एयरटेल डिस्ट्रीब्यूशन प्वाइंट टीम लीडर नून अशोक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह बड़ा घोटाला उस समय सामने आया, जब गत 31 मार्च को शमशाबाद एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन अधिकारियों ने अशरफ अली को हिरासत में लेकर उसके पास से 198 भारतीय सिमकार्ड जब्त किए। अशरफ अली 198 सिमकार्ड लेकर कम्बोडिया जाने का प्रयास कर रहा था।
यह भी पढ़ें… पाँच वर्षीय बालिका का अश्लील वीडियो बनाने वाला युवक गिरफ्तार
भारतीय सिमकार्ड की आपूर्ति पर मोटी रकम देने का वादा किया गया
इस पूरे मामले की जाँच-पड़ताल से खुलासा हुआ कि वर्ष 2023 से अब तक 6 अलग-अलग बैच में 600 से अधिक सिमकार्ड अवैध रूप से विदेश भेजे गए। आरोपी अशरफ अली ने बताया कि वर्ष 2023 के दौरान दुबई में एक होटल में काम करते समय वहाँ एक गेमिंग कॉल सेंटर में काम करने वाले रिजवान से उसकी मुलाकात हुई। उसने अशरफ अली को भारतीय सिमकार्ड की आपूर्ति करने पर एक मोटी रकम देने का वादा किया।
इसके साथ ही अशरफ ने लोकल प्वाइंट ऑफ सेल एजेंट की मदद से मासूम लोगों के व्यक्तिगत दस्तावेजों का इस्तेमाल कर सिमकार्ड इकट्ठा करना शुरू कर दिया। यह स्पष्ट किया गया कि गिरफ्तार सोहेल जीयो का प्रमोटर था तथा अतीक और अशोक एयरटेल के एजेंट थे। फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपनी अथॉरिटी से इन कार्ड्स को एक्टिवेट कर इसकी आपूर्ति कर रहे थे।
शिखा गोयल ने चिंता जताई कि गैर-कानूनी सिमकार्ड का इस्तेमाल कम्बोडिया में साइबर ठग फिशिंग, आइडेंटिटी थेफ्ट और एक्सटॉर्शन जैसे अपराध के लिए कर रहे थे, जिससे भारतीय लोगों को भारी नुकसान हो रहा है। इस मामले में कोरियर का काम करने वाला अरविंद कुमार उर्फ शाहीद फरार है और उसके साथ विदेश से इस नेटवर्क को चलाने वाले मास्टरमाइंड को गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



