केयरटेकर ने वृद्ध दंपत्ति से सोना व नकदी चुराई, गिरफ्तार
हैदराबाद, उस्मानिया विश्वविद्यालय पुलिस ने मालिक के घर चोरी करने वाली महिला को गिरफ़्तार कर उसके पास से 95.8 ग्राम सोने के आभूषण व 8 हजार रुपये की नकदी समेत कुल 3.88 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
यहाँ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उस्मानिया विश्वविद्यालय डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त जी. जगन ने महिला चोर अल्लम तेजस्विनी (43) को गिरफ्तार करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मल्लारेड्डी नगर अलमासगुड़ा बड़ंगपेट निवासी तेजस्विनी का वर्ष 2008 के दौरान कोंडनागुला ग्राम, अच्चमपेट नगर कर्नूल निवासी अल्लम सुदर्षण के साथ विवाह हुआ था और विवाह के बाद उसने एक लड़की को जन्म दिया। गांव में रहते हुए तेजस्विनी ने कुछ समय किराणा स्टोर का संचालन किया।
इस व्यापार में नुकसान होने के कारण वह अपने परिवार के साथ रोजगार की तलाश में हैदराबाद आ गयी। मल्लारेड्डी नगर में रहते हुए वह रोजगार तलाश रही थी। इस दौरान सुनीता नामक एक परिचित महिला ने उसे ग्रीन हिल्स कॉलोनी हब्शीगुड़ा निवासी डॉ. पी एल के एम राव (79) के पास केयरटेकर के रूप में में गत जून 2025 के दौरान उसे नौकरी पर लगाया। तेजस्विनी ने काम करते हुए वृद्ध दंपत्ति को भरोसा हासिल कर लिया। इस दौरान उसने अपनी आर्थिक तंगी दूर करने के लिए अपने मालिक के घर चोरी करने की योजना बनाई।
95.5 ग्राम सोना और नकदी चुराई
गत अक्तूबर से 23 फरवरी 2026 तक वह चोरी करने के लिए अवसर तलाश रही थी। इस दौरान उसने वृद्ध दंपत्ति के बेडरूम की सफाई करने की आड़ में लगातार कई दिनों तक एक के बाद एक सोने के आभूषण चुरा लिये। इस प्रकार उसने कुल 95.5 ग्राम सोने के आभूषण और 8 हजार रुपये की नकदी चुरा ली। प्राप्त शिकायत के आधार पर पुलिस इंस्पेक्टर एम. महेश के नेतृत्व में सब इंस्पेक्टर पी. करुणाकरण ने मामला दर्ज कर छानबीन करने के बाद महिला चोर तेजस्विनी को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़े: पुराने शहर से बालिका शिशु चुराकर बेचने वाले गिरफ़्तार
शिकायतकर्ता डॉ राव ने घर से सोने के आभूषण व नकदी चोरी जाने के मामले में केयरटेकर तेजस्विनी पर संदेह जताया था। प्रारम्भ में तेजस्विनी चोरी करने के इनकार कर रही थी, लेकिन पुलिस की सख्ती के चलते उसने अपना अपराध स्वीकार लिया। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



