अनुमत सीमा से ज्यादा बड़े आकार के चाकू बेचने के आरोप में ‘ब्लिंकिट’ के खिलाफ मामला दर्ज
नयी दिल्ली, दिल्ली पुलिस ने अवैध चाकू बेचने के आरोप में ईकॉमर्स कंपनी ‘ब्लिंकिट’ के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने मंच पर बिक्री के लिए उपलब्ध लगभग 50 चाकू बरामद किए, जो ब्लेड के आकार और विशिष्टताओं को विनियमित करने वाली सरकारी अधिसूचनाओं का उल्लंघन करते हैं।नियमों के अनुसार, चाकू के ब्लेड की अधिकतम अनुमत लंबाई 7.62 सेंटीमीटर तथा चौड़ाई 1.72 सेंटीमीटर है और इससे अधिक आकार का कोई भी चाकू अवैध है।
इस मामले पर ‘ब्लिंकिट’ की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। पुलिस ने पाया कि कुछ चाकू एक ऑनलाइन मंच के माध्यम से बेचे जा रहे हैं, जो निर्धारित विशिष्टताओं का उल्लंघन करते हैं जिसके बाद शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत 14 फरवरी को एक मामला दर्ज किया गया।
ऐप से मंगाए चाकू निकले अवैध, 48 बरामद
ऑनलाइन मंचों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि ईकॉमर्स कंपनी ऐप के जरिए ‘स्टैनली नाइफ’ (बहु उपयोगी चाकू) ऑर्डर किया जा सकता है। सत्यापन प्रक्रिया के तहत पुलिस ने ऑर्डर दिया और चाकू मिलने के बाद इसकी जांच की। पुलिस ने बताया कि चाकू अनुमत आकार से बड़ा था। चाकू की लंबाई आठ सेंटीमीटर और चौड़ाई 2.5 सेंटीमीटर थी, जो इसे कानून के तहत एक अवैध हथियार बनाती है।
इसके बाद मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। 15 फरवरी को पुलिस टीमों ने दिल्ली भर में कंपनी से जुड़े कई स्टोरों में तलाशी ली और 16 अवैध चाकू बरामद किए।पुलिस ने बताया कि 16 फरवरी को अभियान का विस्तार करते हुए गुरुग्राम के फर्रुखनगर स्थित एक गोदाम की तलाशी ली गई, जहां से 32 और अवैध चाकू बरामद किए गए और इस तरह कुल 48 चाकुओं की बरामदगी हुई। पुलिस प्रतिबंधित वस्तुओं की आपूर्ति श्रृंखला, खरीद के स्रोतों और उनके भंडारण एवं वितरण के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच के तहत संबंधित संस्थाओं को नोटिस जारी किए जा सकते हैं। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



