सीबीआई ने की बैंक धोखाधड़ी मामले में कोलकाता के विभिन्न इलाकों में छापेमारी
कोलकाता, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के अधिकारियों ने बैंक धोखाधड़ी के मामले में बृहस्पतिवार को कोलकाता में विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि शहर के न्यू अलीपुर इलाके में एक व्यवसायी के आवास और न्यू टाउन सहित अन्य स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई की पांच टीम न्यू टाउन के अलावा, न्यू अलीपुर क्षेत्र में भूखंड संख्या- 28 पर स्थित एक बहुमंजिला आवासीय परिसर की पांचवीं मंजिल पर भी तलाशी अभियान चला रही हैं। एक अधिकारी ने कहा कि इस समन्वित अभियान का उद्देश्य जांच से संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य सामग्री एकत्र करना है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक उद्देश्य वित्तीय धोखाधड़ी में कथित रूप से शामिल धन के प्रवाह और इसके अंतिम उपयोग का पता लगाना है।
यह भी पढ़े: शीर्ष अदालत का केंद्र, सीबीआई ईडी व अनिल अंबानी को नोटिस
अधिकारी ने बताया कि छापेमारी के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आए, इसके लिए केंद्रीय बलों के जवान सीबीआई अधिकारियों के साथ मौजूद हैं। अधिकारी ने बताया कि मामले से संबंधित विशिष्ट सूचना मिलने के बाद छापेमारी की कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने कहा कि यह मामला 2016 में लिए गए ऋण से संबंधित कथित धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ा हुआ है। इस मामले में 2023 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



