दिसंबर 2027 तक पूरा होगा चनाका कोराटा बैराज का कार्य : उत्तम

हैदराबाद, सिंचाई मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी ने पेनगंगा नदी पर वर्ष 2015 में 50 हजार एकड़ सिंचाई भूमि को पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए चनाका-कोराटा बैराज निर्माण कार्य के लंबित होने की बात मानते हुए आश्वासन दिया कि वर्ष 2027 दिसंबर तक इसे पूरा करने के प्रयास किए जाएँगे। विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान आदिलाबाद भाजपा विधायक पायल शंकर ने चनाका-कोराटा बैराज के कार्य पूरे नहीं किए जाने पर कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव सरकार ने बैराज निर्माण कार्य पूरे करने का आश्वासन देने के बावजूद धोखा दिया।

अब कांग्रेस सरकार के सत्ता में आए 2 साल हो चुके हैं, बैराज को पूरा करने के लिए सिंचाई मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी को कहा जा रहा है। केवल 700 करोड़ रुपये की जरूरत है, प्रॉजेक्ट पूरा हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बैराज के लिए कई किसानों ने करोड़ों रुपये मूल्य की भूमि सरकार को लाखों के भाव में दे दी, लेकिन भूमि देने वालों को मुआवजा नहीं मिला। किसानों की भूमि चली गई, मुआवजा नहीं मिला।

प्रॉजेक्ट के अधूरा रहने से सिंचाई जल भी नहीं मिला, जिससे वह चिंता में हैं। उन्होंने बैराज को तुरंत पूरा करने की हाथ जोड़कर मंत्री से प्रार्थना करते हुए कहा कि आदिलाबाद से करीब 200 से अधिक किसान पदयात्रा करते हुए एमएलए क्वार्टर्स पहुँचे और विरोध स्वरूप विधानसभा के लिए कूच किया, लेकिन किसानों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि अब मंत्री उत्तम कुमार कहते हैं कि 2027 तक निर्माण कार्य पूरे किए जाएँगे।

जयनाथपुर परियोजना 95% पूर्ण, शेष कार्य के लिए 135 करोड़ की माँग

इस पर मंत्री उत्तम कुमार ने आश्वासन दिया कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र समाप्त होते ही सप्ताहभर में आदिलाबाद दौरे पर मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ वह स्वयं सदर बैराज के उद्घाटन के लिए आ रहे हैं, उस समय जायजा लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बैराज निर्माण के अंतर्गत भू अधिग्रहण व अन्य के लिए सरकार ने 147 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं, जिसमें से 71.96 करोड़ रुपये भू अधिग्रहण हेतु जिला कलेक्टर व आदिलाबाद प्रॉजेक्ट डॉयरेक्टर (पीडी) के खातों में जमा कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रॉजेक्ट से 51 हजार एकड़ आयकट को सिंचाई जल उपलब्ध होगा।

भाजपा विधायक पालवाय हरीश बाबू ने कहा कि आसिफाबाद कागजनगर मंडल में वर्ष 2005 में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी सरकार द्वारा जलयज्ञनम के तहत केंद्र सरकार के सहयोग से जयनाथपुर प्रॉजेक्ट निर्माण कार्य प्रारंभ किए थे, जिसके 95 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं शेष कार्य नहीं किए जाने से लंबित पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए 135 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। इसके पूरा होने पर 15 हजार एकड़ जमीन को पानी उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से नाबार्ड द्वारा लोन लेकर इसे पूरा किया जा सकता है।

28 व पिपरी लिफ्ट परियोजना शीघ्र पूर्ण करने की माँग

भाजपा मुधोल विधायक रामाराव पाटिल ने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. राजशेखर रेड्डी सरकार के दौरान वर्ष 2005 में प्रारंभ किए गए प्राणहिता-चेवेल्ला के पैकेज 28 के पेंडिंग कार्य पूरे करने की माँग की। उन्होंने कहा कि पैकेज के 60 प्रतिशत कार्य पूरे हो चुके हैं, शेष के लिए 300 करोड़ रुपये की आवश्यक हैं। इसके पूरा होने पर 50 हजार एकड़ भूमि को सिंचाई जल उपलब्ध होगा। उन्होंने पिपरी लिफ्ट सिंचाई परियोजना को पूरा करने की माँग करते हुए कहा कि 10 करोड़ रुपये खर्च करने पर प्रॉजेक्ट पूरा हो जाएगा। इससे 5 हजार एकड़ से अधिक सिंचाई भूमि को पानी प्राप्त होगा।

भाजपा आरमूर विधायक पैडी राकेश रेड्डी ने निजामाबाद प्रॉजेक्ट नहर आधुनिकीकरण कार्य पूरे करने की माँग करते हुए कहा कि केवल 2 हजार करोड़ रुपये खर्च करने पर इसे पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि संयुक्त आंध्र प्रदेश से लेकर तेलंगाना राज्य तक निजामाबाद जिले ने कई कष्ट झेले हैं। 2 साल से सिंचाई मंत्री को इसे पूरा करने के लिए कहा जा रहा है, परंतु वह टालते जा रहे हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि उत्तर तेलंगाना पर दक्षिण तेलंगाना के मंत्री दया करें। मंत्री उत्तम कुमार रेड्डी ने आश्वासन दिया कि विधानसभा का सत्र समाप्त होते ही अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रामाराव पाटिल व राकेश रेड्डी की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button