इंटर परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक
हैदराबाद, तेलंगाना सरकार की मुख्य सचिव शांति कुमारी ने आगामी 5 मार्च से आयोजित होने वाली इंटरमीडिएट सार्वजनिक परीक्षा-2025 की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए परीक्षाओं के सुचारू संचालन हेतु सभी प्रकार की बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईपीई 2025 के संदर्भ में आज मुख्य सचिव की इंटर बोर्ड सचिव, जिला कलेक्टरों, पुलिस महानिदेशक, पुलिस अधीक्षकों और जिला इंटरमीडिएट परीक्षा समितियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस बैठक आयोजित की गई। इसमें मुख्य सचिव ने सभी सरकारी विभागों को परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए समन्वय से काम करने के निर्देश दिए।
परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए कड़े निर्देश
उन्होंने कहा कि सरकार परीक्षाओं के सुचारू संचालन को सर्वोच्च महत्व देती है। इसलिए सभी संबधित अधिकारियों को बिना किसी व्यवधान के कुशलतापूर्वक परीक्षा आयोजित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए। विशेष रूप से विकलांग छात्रों के लिए विशेष व्यवस्था की जानी चाहिए तथा दृष्टिबाधित छात्रों के लिए स्क्राइब की व्यवस्था की जानी चाहिए। पुलिस विभाग को सुनिश्चित करना चाहिए परीक्षाओं के दौरान जेरॉक्स केंद्र बंद रहें और आस-पास धारा 144 लागू रहे, ताकि पुलिस थानों में प्रश्नपत्रों के भंडारण के लिए स्थान उपलब्ध कराए जा सकें तथा महत्वपूर्ण स्थानों पर यातायात का सुचारू आवागमन सुनिश्चित किया जा सके।
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को डाक विभाग के साथ समन्वय करके उत्तर पुस्तिका पार्सलों का सुरक्षित तथा समय पर प्रेषण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कदाचार में शामिल अधिकारियों, प्रबंधनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी
टीजीबीआईई के सचिव कृष्ण आदित्य बैठक में कहा कि राज्य में 1,532 परीक्षा पेंद्रों पर परीक्षा आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। टीजीएसआरटीसी द्वारा छात्रों को उनके परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने के लिए परिवहन सुविधा की व्यवस्था की जा रही है। इसी तरह बिजली विभाग के अधिकारियों को सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
सचिव ने कहा जिलाधीशों और एचओ को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त ओआरएस पैकेट और अन्य चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी परीक्षा पेंद्रों में सीसी कैमरे लगाए गए हैं और उन्हें इंटरमीडिएट बोर्ड कार्यालय में कमांड कंट्रोल सेंटर के साथ एकीकृत किया गया है।
उल्लेखनीय है कि इंटरमीडिएट पब्लिक परीक्षा को 5 से 25 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।प्रथम वर्ष की परीक्षाओं का आयोजन 5 से 24 मार्च तक होगा। वहीं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 6 से 25 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। परीक्षाओं के संचालन का समय सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक होगा।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



