चीनी ताइपे और बांग्लादेश की टीम एशिया कप हॉकी के लिए पहुंची
राजगीर (बिहार), चीनी ताइपे और बांग्लादेश की पुरुष हॉकी टीमें बुधवार को यहां पहुंची जिससे शुक्रवार से शुरू होने वाले हीरो एशिया कप के लिए आठ टीमों की लाइनअप पूरी हो गई। तीन बार का विजेता भारत और गत विजेता दक्षिण कोरिया खिताब जीतने के प्रबल दावेदार हैं। पाकिस्तान और ओमान टूर्नामेंट से हट गए हैं जिससे उनकी जगह बांग्लादेश और कजाखस्तान ने ले ली है।
विश्व रैंकिंग में 38वें स्थान पर काबिज चीनी ताइपे 2013 में पदार्पण के बाद सिर्फ दूसरी बार इस टूर्नामेंट में खेलेगी। चीनी ताइपे को पूल बी में कोरिया, बांग्लादेश और मलेशिया के साथ रखा गया है। चीनी ताइपे शुक्रवार को कोरिया के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी जिसके बाद शनिवार को बांग्लादेश और एक सितंबर को मलेशिया से भिड़ेगी।
चीनी ताइपे के कप्तान चुन-यू चांग ने कहा कि भारत में हॉकी के प्रति इतना जुनून है जिससे यहां खेलना हम सभी के लिए एक अद्भुत अनुभव है। हमारा ध्यान इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में खेले जाने वाले हर मैच का आनंद लेने और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर होगा।
यह भी पढ़े : एशिया कप के लिये भारतीय हॉकी टीम का ऐलान, लाकड़ा और दिलप्रीत को जगह
एशिया कप 2013 में चीनी ताइपे अपने सभी तीन पूल मैच हारकर ग्रुप में सबसे निचले स्थान पर रहा था। विश्व रैंकिंग में 29वें स्थान पर काबिज बांग्लादेश प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे नियमित टीम में से एक है जिसने 1982 में शुरुआत के बाद से एशिया कप के हर चरण में हिस्सा लिया है। इस बार बांग्लादेश ने पाकिस्तान की जगह ली है और टीम शुक्रवार को मलेशिया के खिलाफ पूल बी मैच के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



