सिट के अधिकारियों के पास नहीं हैं मेरे प्रश्नों के जवाब : केटीआर
हैदराबाद, राज्य की राजनीति में हलचल मचा रहे फोन टैपिंग मामले में सिट द्वारा की गई पूछताछ से लौटे भारत राष्ट्र समिति (भारास) के कार्यकारी अध्यक्ष व पूर्व मंत्री के. तारक रामाराव ने सिट अधिकारियों से पूछा कि पिछले 2 सालों से पूछताछ कर मीडिया में जो खबरें लीक की जा रही हैं, उससे बीआरएस व पार्टी नेताओं के व्यक्तित्व हनन का जिम्मेदार कौन है? तो अधिकारियों के पास कोई जवाब नहीं था।
तेलंगाना भवन, भारास मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए केटीआर ने कहा कि एक अभिनेत्री का फोन टैप कर, डरा-धमकाकर लाभ लेने संबंधी खबरें मीडिया में फैलीं। क्या ये खबरें सही हैं? यह पूछने पर अधिकारियों ने साफ कहा कि यह सही नहीं है और इससे मीडिया को भी अवगत करा दिया गया है।
केटीआर ने कहा कि अधिकारियों से पूछा कि इतने दिनों से पूछताछ के नाम पर जो कहानियाँ चलाई जा रही हैं, इन खबरों को लीक किया जा रहा है, उन्हें कैसे रोकेंगे? इन सबका जिम्मेदार कौन है? जिसका जवाब अधिकारियों के पास नहीं था। उन्होंने मीडिया से बेबुनियादी लीक की गई खबरों पर भरोसा कर मनमाने ढंग से समाचर प्रकाशित व प्रसारित न करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अधिकारियों के पास पूछने के लिए कुछ नहीं था। पूछे गए प्रश्न ही घुमा-फिराकर पूछ रहे थे। पुलिस के पास कोई केस ही नहीं है। कुछ 300 नामों का उल्लेख करके प्रत्येक के बारे में यही पूछा गया कि क्या आप इन्हें जानते हैं? मात्र समय नष्ट किया गया है।
यह भी पढ़ें… विश्व आर्थिक मंच शिखर सम्मेलन में रही तेलंगाना राइजिंग की धूम
जिम्मेदार विपक्षी नेता के रूप में सहयोग के लिए तैयार
केटीआर ने कहा कि सिट को पूछताछ में सात-साढ़े सात घंटे पूरी तरह से सहयोग किया और स्पष्ट कह दिया कि जितनी बार बुलाएँगे उपस्थित होकर हर प्रकार से सहयोग करेंगे। उन्होंने प्रश्न के उत्तर में कहा कि पूछताछ में केवल तारक रामाराव के अलावा कोई दूसरा राव नहीं था। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक व जिम्मेदार विपक्षी राजनीतिक पार्टी के तौर पर हर प्रकार का सहयोग करने के लिए तैयार हैं, डरने वाले नहीं है। यदि डरते होते तो कोर्ट की शरण लेते और समय माँगते, परंतु सिट द्वारा पूछताछ के लिए बुलाने पर सिरसिल्ला से सीधे घर लौटे और आज उपस्थित हो गए।
केटीआर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कोयले घोटाले का भांडा भोड़ने पर भारास विधायक दल के उपनेता टी. हरीश राव को नोटिस देकर बुलाया गया। फिर जब अन्य भ्रष्टाचार का खुलासा किया, तो उन्हें सिट ने नोटिस देकर बुलाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस व्यवस्था मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी को बचाने का प्रयास कर रही है। रेड्डी द्वारा जनता से किए गए वादों को निभाने में विफलताओं तथा प्रशासन चलाने में अपनी असमर्थता से ध्यान हटाने के उद्देश्य से इस प्रकार नोटिस भेजकर पूछताछ के नाम पर मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है। अवसर परभारास विधायक दल के उप नेता टी. हरीश राव, विधान परिषद में बीआरएस के नेता सीरीकोंडा मधुसुदना चारी, एमएलसी वाणी देवी, विधायक बी. सबीता इंद्रा रेड्डी व विधायक टी. श्रीनिवास यादव उपस्थित थे।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



