सीएम ने की जनप्रतिनिधियों की खेल प्रतियोगिता शुरू

हैदराबाद, तेलंगाना खेल प्राधिकरण एवं विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में विधायक एवं विधानसभा परिषद सदस्यों के लिए विभिन्न खेल-कूद प्रतियोगिताओं का उद्घाटन मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने किया। आज यहाँ लाल बहादुर स्टेडियम में इस दो दिवसीय प्रतियोगिता के उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उन लोगों के लिए एक शानदार मौका है, जो राजनीति में डूबे रहते हैं और समस्याओं को हल करने के लिए लगातार बिना थके काम करते हैं।

हो सकता है कि ये लोग शानदार प्रदर्शन न कर पायें, लेकिन बेहतरीन खेल भावना का परिचय दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना खेलों के लिए एक इतिहास है, क्योंकि विगत में संयुक्त आंध्र-प्रदेश के समय नेशनल गेम्स, एफ्रोएशियन गेम्स, वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स जैसी अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं की मेजबानी की, लेकिन पिछली सरकार 10 सालों तक खेलों को प्रोत्साहन और महत्व देने में असफल रही, जिसके चलते तेलंगाना की युवा पीढ़ी में खेल भावना में कमी आई।

खेल नीति से युवाओं को बढ़ावा, सरकार देगी हर संभव सहयोग

इसीलिए हमारी सरकार ने खेल नीति के साथ नया ढाँचा तेलंगाना के समक्ष रखा। इसी नीति के तहत खेलों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खेल विभाग द्वारा पिछले दो वर्षों से तेलंगाना की युवा पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रोत्साहन देने हेतु बड़े पैमाने पर सीएम कप का आयोजन किया गया, जिसमें 5 से 7 लाख लोगों ने पंजीकरण करवाया।

रेड्डी ने ओलंपिक पदकों पर बात करते हुए कहा कि 140 करोड़ की आबादी वाले हमारे देश में ओलंपिक पदक जीतने के लिए जद्दोजहद करनी पड़ती है, वहीं तीन करोड़ की आबादी वाले दक्षिण कोरिया ने 32 स्वर्ण पदक जीते, जिसमें अकेले दक्षिण कोरिया खेल यूनिवर्सिटी ने 16 स्वर्ण पदक हासिल किए। हाल ही में संपन्न दक्षिण कोरिया के दौरे में इन सभी चीजों के बारे में विस्तृत जानकारी लेकर इसी तरह की नीति यहाँ अमल करने की कोशिश कर रहे हैं।

रेड्डी ने युवा पीढ़ी को कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में दिलचस्पी बढ़ाएँ और राज्य एवं देश के लिए पदक जीतें। इसके लिए सरकार खिलाड़ियों को हर संभव सहायता देगी, जिसमें सरकारी नौकरी एवं करोड़ों रुपये की नगद राशि भी शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे कैबिनेट में मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसे विख्यात खिलाड़ी एवं खेल मंत्री वाकिटी श्रीहरि भी रणजी ट्रॉफी स्तर के खिलाड़ी हैं, जो समय-समय पर खेल विभाग को अपनी सलाह देते हैं। (सी. सुधाकर)

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button