तटरक्षक बल ने किया पाकिस्तानी नौका को जब्त, चालक दल के 11 सदस्य गिरफ्तार
अहमदाबाद, भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में एक पाकिस्तानी नौका को जब्त कर उसके चालक दल के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों को विस्तृत जांच के लिए गुजरात की जखौ मरीन पुलिस को सौंप दिया गया है। गुजरात रक्षा जनसंपर्क अधिकारी विंग कमांडर अभिषेक कुमार तिवारी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि भारतीय तटरक्षक बल ने बुधवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए भारत के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) में मछली पकड़ने वाली पाकिस्तानी नाव को जब्त किया और चालक दल के 11 सदस्यों को पकड़ा।
यह भी पढ़े: युवती की निर्मम हत्या का आरोपी गिरफ्तार
कुमार तिवारी ने कहा कि यह कार्रवाई तटरक्षक बल के निरंतर समुद्री अभियानों और भारत की सीमाओं की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है, साथ ही भारत के समुद्री क्षेत्रों (एमजेडआई) के भीतर अंतरराष्ट्रीय कानूनों के कड़े प्रवर्तन को भी दर्शाती है। तिवारी ने कहा कि भारत के समुद्री क्षेत्र में निरंतर सतर्कता हमारी राष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा रणनीति का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। आईसीजी ने भी इस कार्रवाई की पुष्टि की। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



