उप्र : अलीगढ़ में कॉलेज के गेट के बाहर छात्र की गोली मारकर हत्या
अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में गांधी पार्क थाना क्षेत्र स्थित वार्ष्णेय डिग्री कॉलेज के गेट के बाहर शनिवार को अज्ञात हमलावरों ने एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी, जबकि उसका एक साथी घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार असलहे से लैस हमलावरों ने कॉलेज के बाहर भीड़भाड़ वाले इलाके में छात्र पर गोलीबारी की और मौके से फरार हो गए।
गोलीबारी के दौरान मृतक के साथ मौजूद एक अन्य छात्र भी घायल हो गया, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) कमलेश कुमार ने बताया कि मृतक छात्र की पहचान अंशु ठाकुर (20) के रूप में हुई है। घायल छात्र पृथ्वीराज चौहान को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अंशु को मृत घोषित कर दिया।
घायल छात्र पृथ्वीराज ने बताया कि वे होली मिलन कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कॉलेज परिसर से बाहर आ रहे थे, तभी कॉलेज गेट के पास ओवरब्रिज की ओर से आए हमलावर ने उन पर गोली चला दी। पुलिस के मुताबिक, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हमलावर की पहचान कॉलेज के ही एक अन्य छात्र धीरज ठाकुर के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी के बीच पुरानी रंजिश थी। घायल छात्र ने आरोप लगाया कि धीरज जूनियर छात्रों की रैगिंग करता था और इस मुद्दे पर अंशु ने उसका विरोध किया था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन कर व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। (भाषा)
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



