ऑटिज्म प्रभावितों हेतु केबीआर पार्क में कम्युनिकेशन बोर्ड स्थापित
हैदराबाद, समावेशी संचार की दिशा में प्रभावी कदम उठाते हुए बंजारा हिल्स स्थित केबीआर पार्क में ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित बच्चों के लिए अपनी तरह का पहला कम्युनिकेशन बोर्ड स्थापित किया गया। यह पहल जीएचएमसी, आवाज़, गैर सरकारी संगठन मरहम रिजोनेटिंग रेजिलिएंस, सीडीसी टॉक एंड लर्न तथा कोरु किड्स के साझा प्रयासों का परिणाम है, जिसका उद्देश्य सार्वजनिक खेल मैदानों को न्यूरो डाइवर्जेंट बच्चों के लिए अधिक सुलभ और सशक्त बनाना है।

विश्व ऑटिज्म दिवस के पर आज केबीआर पार्क में इस अनूठी पहल का औपचारिक उद्घाटन जीएचएमसी आयुक्त आर.वी. कर्णन, नगर प्रशासन और शहरी विकास विभाग के विशेष मुख्य सचिव जयेश रंजन तथा बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल द्वारा किया गया।
यह भी पढ़ें… फ्यूचर सिटी में जारी निर्माणों का जायजा लिया सीएम रेवंत रेड्डी ने
एएसी प्लेटफार्म के विजुअल चित्रों से बच्चों को मिलेगी मदद
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस कम्युनिकेशन बोर्ड में एएसी प्लेटफार्म आवाज.कॉम से लिए गए विशेष विजुअल चित्रों का उपयोग किया गया है। यह उन बच्चों के लिए मददगार साबित होंगे, जिन्हें मौखिक रूप से संचार करने में कठिनाई होती है। इन विजुअल्स की मदद से बच्चे खेलते समय अपनी जरूरतों, पसंद और भावनाओं को आसानी से व्यक्त कर सकेंगे।
जानकारी देते हुए बताया गया कि किसी सार्वजनिक पार्क में इस तरह का संचार उपकरण लगाना समावेशी सोच को सामान्य बनाने की दिशा में बड़ा कदम है। यह कदम न केवल आम जनता को अलग-अलग संचार आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करेगा, बल्कि एक अधिक संवेदनशील और स्वीकार्य समाज का निर्माण करेगा। इस पहल का श्रेय डॉ. प्रतिमा गिरी, डॉ. नबत लखानी तथा प्रेरणा सोहनी रेड्डी को जाता है।
जयेश रंजन ने कहा कि हम सुनिश्चित करेंगे कि कम्युनिकेशन बोर्ड के रूप में यह पहल केवल यहीं तक सीमित न रहे, बल्कि पार्कों, मॉल्स तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों तक पहुँच स्थापित करे। साइना नेहवाल ने कहा कि हर बच्चे में अपनी प्रतिभा दिखाने और दुनिया में अपनी पहचान बनाने की क्षमता होती है। यह पहल ऑटिज्म से जूझ रहे बच्चों के लिए संवाद को सरल बनाते हुए उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद करेगी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



