हनुमानजी पर टिप्पणी को लेकर राजमौली के खिलाफ शिकायत

Ad

हैदराबाद, प्रमुख तेलुगु फिल्म निर्देशक राजमौली के खिलाफ राष्ट्रीय वानर सेना ने राचकोंडा के सरूरनगर पुलिस थाने में शिकायत की। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय वानर सेना के राष्ट्रीय गौरक्षा प्रमुख रामकुमार जोशी ने शिकायत करते हुए राजमौली पर तेलुगु फिल्म वाराणसी के टाइटल लांच कार्यक्रम में भगवान हनुमान को लेकर अपमानजनक टिप्पणियाँ करने का आरोप लगाया।

गौरतलब है कि तेलुगु फिल्म अभिनेता महेश बाबू अभिनीत वाराणसी तेलुगु फिल्म का हाल ही में टाइटल लाँच किया गया। इस अवसर पर राजमौली द्वारा भगवान हनुमान को लेकर विवादास्पद और आपत्तिजनक टिप्पणी करने का हवाला देते हुए सरूरनगर पुलिस थाने में शिकायत की गई और उनके खिलाफ संबंधित कानून के तहत कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।

यह भी पढ़ें… चमाला किरण कुमार रेड्डी ने बंडी संजय पर जाति-धर्म फैलाने का आरोप लगाया

सरूरनगर पुलिस ने शिकायत तो प्राप्त कर ली, लेकिन शिकायत के आधार पर अभी कोई मामला दर्ज नहीं किया है। संपर्क करने पर सरूरनगर पुलिस इंस्पेक्टर सैदुलू ने बताया कि इस मामले पर कानूनी राय लेने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत करने के बाद रामकुमार जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि फिल्म उद्योग में हिन्दू देवी-देवताओं का अपमान करने का चलन बढ़ रहा है। आए दिन किसी न किसी फिल्म में हिन्दू देवी-देवताओं के अलावा हिन्दू धर्म को लेकर अपमान जनक भद्दी टिप्पणियाँ की जा रही है, जो एक घृणित कार्य है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं को लेकर सख्त कार्रवाई करने पर ही भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सकता है।

Exit mobile version