हैदराबाद, ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) के आयुक्त आर.वी. कर्णन ने जलपल्ली के पहाड़ी शरीफ क्षेत्र में ई-वेस्ट संग्रह अभियान और स्वच्छता व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने इलेक्ट्रॉनिक कचरे के संग्रह, उसके सुरक्षित हैंडलिंग और भंडारण की प्रक्रियाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बातचीत कर ई-वेस्ट के निपटान को और व्यवस्थित बनाने के उपायों पर चर्चा की।
कर्णन ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निपटान के लिए लोगों में जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अधिकृत संग्रह केंद्रों के माध्यम से ही ई-वेस्ट देने की अपील की, ताकि पर्यावरण को होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और नगर में कचरा प्रबंधन प्रणाली को बढ़ावा मिले। इसके बाद आयुक्त ने पहाड़ी शरीफ के ईदगाह परिसर का दौरा कर रमजान को देखते हुए स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को ईदगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा और स्वच्छ बनाए रखने का भी निर्देश दिया।
यह भी पढ़े : हैदराबद : सिनी मैजिकल ग्लो रन का किया गया आयोजन
इसके अलावा उन्होंने कचरा फेंकने वाले संवेदनशील स्थानों पर डस्टबिन लगाने, घर-घर से कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने और सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वच्छता टीमों को क्षेत्र में मौजूद गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट्स (जीवीपीस) की पहचान कर स्थायी समाधान का भी निर्देश दिया। आयुक्त ने जनता से घरेलू कचरे का केवल स्वच्छ ऑटो के जरिए ही निपटान करने की अपील की। इस दौरान उनके साथ क्षेत्रीय आयुक्त चंद्रकला भी उपस्थित थीं।
