हैद्रा फोन-इन कार्यक्रम में तालाबों के प्रदूषित जल की शिकायतें

हैदराबाद, हैद्रा के फोन-इन कार्यक्रम में नगर की झीलों में बढ़ते प्रदूषण, मच्छरों के प्रकोप को लेकर चिंता जताते हुए कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं। कार्यक्रम के दौरान हैद्रा आयुक्त ए. वी. रंगनाथ ने स्वयं नागरिकों से बातचीत कर समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शिकायतों में नागरिकों ने बताया कि नगर की कई झीलों में भारी मात्रा में गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे जलाशय दुर्गंधयुक्त हो गए हैं। ये झीलें मच्छरों के प्रजनन का केंद्र बनती जा रही हैं।

लोगों ने मांग की कि इन झीलों को हैद्रा द्वारा विकसित किए जा रहे जलाशयों की सूची में शामिल किया जाए। नागरिकों की शिकायतें स्वीकारने के बाद आयुक्त ने स्पष्ट किया कि झीलों में सीवरेज का प्रवाह रोकने के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित करना आवश्यक है। इस दिशा में संबंधित विभागों को प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया गया। फोन-इन के दौरान कई नागरिकों ने झीलों और नालों पर हो रहे अतिक्रमणों को हटाने की मांग की, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव और बाढ़ की समस्या से बचा जा सके।

झीलों, पार्कों और सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण से बढ़ी चिंता

रामंतापुर क्षेत्र की एक महिला ने चिन्ना चेरुवु एफटीएल क्षेत्र में निर्माण होने की शिकायत की। उसी तरह, बाचूपल्ली के सर्वे नंबर-54 में लगभग तीन एकड़ भूमि प्रतिबंधित सूची में होने के बावजूद उपयोग में नहीं लाने की जानकारी दी गई। निजामपेट के हिल काउंटी स्थित ‘पत्तिकुंटा’ झील के चारों ओर सड़कें होने के बावजूद दुर्गंध के कारण उपयोग नहीं होने की भी जानकारी दी गई। उसी तरह, लोअर टैंकबंड के पास पर्यटन विभाग की भूमि पर अवैध पार्किंग चलने की शिकायत भी दर्ज कराई गई।

कार्यक्रम में ओल्ड अलवाल, एलबी नगर, एचएएल कॉलोनी और नल्लागंड्ला क्षेत्रों से पार्कों पर अतिक्रमण, सड़क अवरोध, जलभराव और झीलों के संरक्षण से जुड़ी शिकायतें की गई। एलबी नगर क्षेत्र में वॉम्बे हाउसिंग कॉलोनी के कुछ निवासियों द्वारा पार्किंग स्थल को जोड़कर अतिरिक्त कमरे बनाने की शिकायत की गई। नागरिकों ने इसे हटाकर सामूहिक उपयोग के लिए स्थान उपलब्ध कराने की मांग की। आयुक्त ए.वी. रंगनाथ ने सभी शिकायतों की शीघ्र ही फील्ड स्तर पर जांच कराने के बाद आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button