आंध्र को बधाई, तेलंगाना के वादों पर केंद्र विफल : महेश कुमार गौड़
हैदराबाद, तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ ने आंध्र प्रदेश की राजधानी अमरावती को कानूनी मान्यता देने के लिए लोकसभा में केंद्र सरकार द्वारा बिल पारित किए जाने का स्वागत करते हुए आंध्र प्रदेश की जनता को हार्दिक बधाई दी है, साथ ही उन्होंने केंद्र पर आरोप लगाया कि तेलंगाना से किये गये वादों को पूरा करने में केंद्र विफल रहा है।
महेश कुमार गौड़ ने कहा कि अमरावती के विकास के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे राज्य को आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। हालांकि, उन्होंने केंद्र सरकार पर तेलंगाना के साथ भेदभाव करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि जहाँ एक ओर आंध्र प्रदेश के लिए कदम उठाए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर तेलंगाना से किए गए वादों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें… बड़े पैमाने पर ग्राम सभाओं का आयोजन करें : भट्टी विक्रमार्का
महेश कुमार गौड़ ने कहा कि आंध्र प्रदेश पुनर्गठन अधिनियम 2014 के तहत तेलंगाना को कई अहम वादे किए गए थे, लेकिन आज तक उनमें से कई पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने याद दिलाया कि बय्यारम स्टील प्लांट, काजीपेट रेलवे कोच फैक्ट्री, आईआईएम की स्थापना और सिंचाई परियोजनाओं को राष्ट्रीय दर्जा देने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे अभी भी अधूरे हैं। ये सभी परियोजनाएं तेलंगाना के विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए विशेष फंड और औद्योगिक प्रोत्साहन जैसे वादों पर भी केंद्र सरकार खरी नहीं उतरी है। टीपीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि एक राज्य को प्राथमिकता देना और दूसरे राज्य के साथ किए गए वादों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



