कांग्रेस सरकार ने दिव्यांगों को भी धोखा दिया-रामचंदर राव
 
						
हैदराबाद, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि चुनाव से पहले किए गए वादों को पूरा न करके कांग्रेस ने राज्य के दिव्यांगों (विकलांग व्यक्तियों) को भी धोखा दिया है। नामपल्ली स्थित प्रदेश मुख्यालय में दिव्यांगों की मांगों का समर्थन करते हुए रामचंदर राव ने मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर दिव्यांगों के साथ गंभीर विश्वासघात करने का आरोप लगाया।
राव ने कहा कि कांग्रेस सरकार दिव्यांगों के कल्याण के प्रति लापरवाही बरत रही है। रेवंत सरकार ने चुनावों के दौरान दिव्यांग पेंशन को 4 हजार रुपये से बढ़ाकर 6 हजार रुपये करने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। इसके अलावा, रेवंत रेड्डी सरकार ने आधुनिक उपकरणों के वितरण और विशेष रोजगार कोटे के वादे भी ठंडे बस्ते में डालकर दिव्यांगों की सुध नहीं ले रहे है।
दिव्यांगों के लिए भाजपा समर्थन का आश्वासन

रामचंदर राव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। केंद्र सरकार दिव्यांग व्यक्तियों को नि:शुल्क ट्राइसाइकिल, हियरिंग एड जैसे उपकरण वितरित कर रही है। साथ ही, केंद्र सरकार की नौकरियों में दिव्यांगों के लिए 4 प्रतिशत आरक्षण भी लागू है और राष्ट्रीय विकलांग वित्त एवं विकास निगम के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार के लिए ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

राव ने दिव्यांगों को आश्वासन देते हुए कहा कि भाजपा दिव्यांगों को समान अधिकार, सम्मान और अवसर दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। केवल भाजपा ही वास्तव में दिव्यांगों के अधिकारों की रक्षा करने में सक्षम है। रामचंदर राव ने दिव्यांगों आगामी जुबली हिल्स उपचुनाव में भाजपा का समर्थन करने, चुनाव प्रचार में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए कांग्रेस पार्टी को वादाखिलाफी का करारा जवाब देने की भी अपील की।
बैठक में भाजपा दिव्यांग सेल के राज्य संयोजक कोल्ली नागेश्वर राव भी मौजूद थे। इससे पहले रामचंदर राव ने नल्लाकुंटा क्षेत्र में स्थित शृंगेरी शंकर मठ का दौरा करते हुए शारदाम्बा अम्मावरु के दर्शन किए और दक्षिणाम्नाय श्री शृंगेरी शारदा पीठम के पीठाधिपति जगद्गुरु शंकराचार्य विद्युषेखर भारती सन्निधानम से भी आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान, भाजपा विधायक दल के नेता महेश्वर रेड्डी भी उपस्थित थे।
किसानों का कल्याण ही मोदी सरकार का लक्ष्य

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रबी सीजन 2025–26 के लिए उर्वरक सब्सिडी को मंजूरी देने को तेलंगाना समेत देश के किसानों को बड़ी राहत पैकेज करार दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में फॉस्फेटिक और पोटैशिक (पीएंडके) उर्वरकों के लिए न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (एनबीएस) दरें तय की गई, जो देशभर के किसानों के लिए एक ऐतिहासिक निर्णय है। इस निर्णय से किसानों को अब रबी सीजन में सस्ते दामों पर खाद उपलब्ध होगी। रबी सीजन 2025–26 (1 अक्तूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक) के लिए करीब 37,952.29 करोड़ का बजट मंजूर होना किसान हितैषी सरकार का प्रमाण है।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





