कांग्रेस ने दुनिया के सामने देश को बदनाम किया: पीएम मोदी

जयपुर, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के दौरान कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यकर्ताओं के विरोध-प्रदर्शन को लेकर शनिवार को विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला और कहा कि कांग्रेस ने दुनिया भर के मेहमानों के सामने देश को बदनाम करने की कोशिश की। मोदी ने अजमेर के पास कायड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश में लगातार हार रही कांग्रेस गुस्से में इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब ‘मुस्लिम लीगी-माओवादी कांग्रेस’ बन गई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हाल में हुई ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि इस भव्य आयोजन से जहां देश के लोगों को गर्व महसूस हो रहा था वहीं हताशा, निराशा में डूबी… लगातार पराजय के कारण थक चुकी कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की।
मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया भर के मेहमानों के सामने कांग्रेस ने देश को बदनाम करने की कोशिश की। इन्होंने विदेशी मेहमानों के सामने देश को बेइज्जत करने के लिए पूरा ‘ड्रामा’ किया।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस पूरे देश में लगातार हार रही है और गुस्से में वो इसका बदला भारत को बदनाम करके ले रही है।’’
प्रधानमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘कभी कांग्रेस आईएनसी यानी इंडियन नेशनल कांग्रेस थी लेकिन अब आईएनसी नहीं बची है… इंडियन नेशनल कांग्रेस नहीं बची है… आज वो आईएनसी के बजाय एमएमसी बन गई है। एमएमसी यानी मुस्लिम लीग – माओवादी कांग्रेस हो चुकी है।’’
मोदी ने कहा, ‘‘इतिहास गवाह है कि मुस्लिम लीग भारत से नफरत करती थी और इसलिए मुस्लिम लीग ने देश को बांट दिया। आज कांग्रेस भी वही कर रही है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘माओवादी भी भारत की समृद्धि, हमारे संविधान और हमारे सफल लोकतंत्र से नफरत करते हैं। ये घात लगाकर हमला करते हैं। कांग्रेस भी घात लगाकर देश को बदनाम करने के लिए कहीं भी घुस जाती है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के ऐसे कुकर्मों को देश कभी माफ नहीं करेगा।’’
‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक सेना ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया
मोदी ने कहा कि देश को बदनाम करना, देश की सेनाओं को कमजोर करना… ये कांग्रेस की पुरानी आदत रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यही कांग्रेस है जिसने हमारी सेना के जवानों को हथियारों व वर्दी तक के लिए तरसा के रखा था।’’ प्रधानमंत्री के अनुसार, बीते 11 वर्षों में भारत की सेना ने हर मोर्चे पर, आतंकियों पर, देश के दुश्मनों पर करारा प्रहार किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सेना हर मिशन, हर मोर्चे में विजयी रही है। ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से लेकर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ तक सेना ने अपनी वीरता का लोहा मनवाया। लेकिन कांग्रेस के नेताओं ने इसमें भी दुश्मनों के झूठ को ही आगे बढ़ाया है।’’
देश के लिए जो भी शुभ है, जो भी अच्छा है, जो भी देश वासियों के लिए भला करने वाला है… कांग्रेस उस सब का विरोध करती है। इसलिए देश आज कांग्रेस को सबक सिखा रहा है।’’ राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार के दो साल के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि मुझे संतोष है कि आज राजस्थान विकास के नए पथ पर अग्रसर है। विकास के जिन वादों के साथ भाजपा सरकार आपकी सेवा में आई थी उन्हें तेजी के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि अब राजस्थान में ‘पेपर लीक’ पर लगाम लग गया है, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो रही है।
मोदी ने इस अवसर पर कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन किया। इस अवसर राज्यपाल हरिभाउ बागडे व मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।(भाषा)
यह भी पढ़े– नई ग्रामीण रोजगार योजना ‘वीबी-जी राम जी’ के लिए 95,000 करोड़ आवंटित
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



