कांग्रेस को सिर्फ गांधी नाम से मतलब : रघुनंदन राव

हैदराबाद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा महात्मा गांधी नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट गारंटी (नरेगा) योजना का नाम बदलकर दि विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विकसित भारत- जी-रामजी रखे जाने के विरोध में कांग्रेस के आहूत आंदोलन पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद एम. रघुनंदन राव ने कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से कांग्रेस के 55 सालों के शासन के दौरान महात्मा गांधी के नाम पर कितनी योजनाएँ हैं, इस पर श्वेत पत्र जारी करने की माँग की।

भाजपा मुख्यालय श्यामाप्रसाद मुखर्जी भवन में मीडिया को संबोधित करते हुए मेदक के सासंद एम. रघुनंदन राव ने कहा कि कांग्रेस ने करीब 150 योजनाओं में केवल एक या दो योजनाओं को गांधी का नाम दिया, वरना अधिक योजनाएँ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के नाम पर ही रखी हैं। अब गांधी के नाम को लेकर मगरमच्छ के आंसू बहा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस या मल्लिकार्जुन खरगे को गांधी पर प्रेम हो तो बताएँ कि कितनी योजनाओं को कांग्रेस ने गांधी का नाम दिया है।

रघुनंदन राव ने कहा कि नकली गांधियों को डर है कि यदि उनके नाम के पीछे लगा गांधी का टैग हट जाएगा तो उनका राजनीतिक अस्तित्व खतरे में होगा। इसलिए आंदोलन करने पर कांग्रेस तुली है क्योंकि नकली गांधी के वंशजों को युवाओं ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के नाम के पीछे गांधी नहीं रहा तो इनकी पहचान नहीं रहेगी। इसलिए राहुल नाम के पीछे गांधी व प्रियंका वाड्रा के नाम के पीछे गांधी लगाया गया है। इन्हें गांधी का नाम चाहिए इसलिए कांग्रेस हाईकमान ने गांधी की प्रतिमाओं के समक्ष आंदोलन करने का आह्वान किया है।

बांग्लादेश मुद्दे पर निंदा की मांग

सांसद रघुनंदन राव ने कांग्रेस को हिन्दू विरोधी व देश विरोधी करार दिया और कहा कि टुकड़ों में बँट चुकी कांग्रेस देश के टुकड़े करने पर आमादा है। बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे हमलों की निंदा तक करने से कांग्रेस कदम पीछे हटा रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यदि कांग्रेस हिन्दुओं के प्रति कटिबद्ध हो तो बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे हमलों की कड़े शब्दों में निंदा करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीतियां भारत तथा देश के हिन्दुओं के विरुद्ध है। यह पार्टी शत प्रतिशत भारत को बदनाम करने वाली है। यही इनका एजेंडा है।

रघुनंदन राव ने आरोप लगाया कि यदि देश व हिन्दुओं को नुकसान हुआ है तो वह कांग्रेस के कारण ही हुआ है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मल्लिकार्जुन खरगे का भारत में सांप्रदायिक सौहार्द खतरे में है, सांप्रदायिक दंगे होने के आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। पंचायतराज चुनाव में विजयी हुए नए सरपंचों को शुभकामनाएं देते हुए सांसद रघुनंदन राव ने कहा कि अब लोकसभा में महात्मा गांधी नेशनल रूरल एम्प्लॉयमेंट गारंटी (नरेगा) योजना का नाम बदलकर दि विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) विकसित भारत- जी- रामजी किए जाने के चलते सप्ताह दस दिनों के भीतर ही केंद्र सरकार की ओर से ग्राम पंचायतों के नरेगा के नाम से जारी खातों के नाम भी बदलकर वीबीजी रामजी खातों के रूप में किया जाएगा।

पालमूरू निधियों पर सवाल, केसीआर पर सीधा हमला

पालमूरू रंगारेड्डी लिफ्ट सिंचाई परियोजना को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए आंदोलन का आह्वान करने वाले पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव पर भी हल्ला बोलते हुए सांसद रघुनंदन राव ने कहा कि तेलंगाना पर 10 सालों तक शासन करने वाले केसीआर बताएँ कि 10 सालों में पालमूरू को कितनी निधियाँ दी गईं हैं। गजवेल, सिद्दिपेट, सिरसिल्ला को कितनी निधियाँ दी हैं, इस पर श्वेत पत्र जारी करें। उन्होंने 2 साल बाद केसीआर के बाहर आने संबंधी पूछे गए प्रश्न पर कहा कि केसीआर के बाहर आने से राज्य की राजनीति पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

रघुनंदन राव ने कहा कि दरअसल केसीआर को अस्तित्व खोने का डर सताने लगा है। उन्होंने कहा कि पिता (केसीआर), भांजे (हरीश राव) व पुत्री (के. कविता) की त्रिमुखी लड़ाई के बीच पिस रहे केसीआर के समक्ष पार्टी के कुछ विधायकों द्वारा केटीआर के बजाए हरीश राव को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनाने की मांग की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुत्री कविता पार्टी से बाहर किए जाने के बाद बीआरएस व नेताओं पर मनमाने आरोप लगाती जा रही हैं। इससे केसीआर में भय व्याप्त है कि पार्टी बचेगी या नहीं। इसलिए वे (केसीआर) फार्म हाउस से बाहर आने पर मजबूर हो चुके हैं, लेकिन उनके बाहर आने से जनता को कोई लाभ होने वाला है।

अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।

Related Articles

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button