कांग्रेसियों ने मनाया वीएच का जन्मदिन
हैदराबाद, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद वी. हनुमंत राव का जन्मदिन आज कांग्रेसियों ने हर्षोल्लास के साथ मनाया। पीपीसी अध्यक्ष महेश कुमार गौड़ सहित राज्य के मंत्री, सांसद, विधायक और विधान परिषद सदस्य तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता हनुमंत राव के घर पहुँचे और जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उनके निवास स्थल पर आज पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का तांता लगा रहा।
राज्य के परिवहन मंत्री पोन्नम प्रभाकर विशेष रूप से समारोह में शामिल हुए और हनुमंत राव को शुभकामनाएं दीं। हनुमंत राव के जन्मदिन समारोह में राज्यसभा सदस्य अनिल कुमार यादव, हैदराबाद की महापौर गदवाल विजयलक्ष्मी, विधायक दानम नागेंदर, कृषि आयोग के अध्यक्ष कोदंड रेड्डी समेत कई गणमान्य नेताओं ने भाग लिया। मंत्री पोन्नम प्रभाकर ने हनुमंत राव और जीएचएमसी कार्यकर्ताओं, छात्रों तथा सफाई कर्मचारियों के साथ दोपहर का भोजन किया।
कमजोर वर्गों के कल्याण को समर्पित कांग्रेस की नीति
पोन्नम प्रभाकर ने कहा कि हमारा यह आयोजन केवल जन्मदिन तक सीमित नहीं है, बल्कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों और कमजोर वर्गों के प्रति संवेदना दर्शाने वाला अवसर है। पोन्नम ने कहा कि कमजोर वर्गों के आरक्षण और कल्याण के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी की सोच हमेशा से स्पष्ट रही है। अगर कभी कमजोरों के साथ न्याय हुआ है, तो वह कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में ही संभव हुआ है।
यह भी पढ़ें… फार्मूला ई कार रेस नीतिगत फैसला : केटीआर
बीते 10 वर्षों से सत्ता में बैठे नेताओं पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग वर्षों से सत्ता में हैं और अब कमजोर वर्गों की बात कर रहे हैं, उनके लिए यह बयान हास्यास्पद है। यह वैसा ही है, जैसे राक्षस वेदों का पाठ करें। मंत्री ने बताया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार कमजोर समुदायों के लिए राजनीतिक शिक्षा, रोजगार और विकास के व्यापक कार्यक्रम चला रही है। हमारा लक्ष्य है कि हाशिये पर खड़े लोगों को मुख्यधारा में लाकर उन्हें सम्मानपूर्ण जीवन दिया जाए।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



