सीएस रामकृष्ण राव ने की विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा
हैदराबाद, राज्य सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने देने के लिए समन्वय से काम करते हुए लोगों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ प्रदान करने के आदेश दिये। उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में चल रहे कार्यों में तेजी लाने तथा परियोजनाओं के कार्यान्वयन में निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये।
रामकृष्ण राव ने सचिवालय में एक उच्च स्तरीय बैठक में ऊर्जा, स्वास्थ्य, सूचना प्रौद्योगिकी, उद्योग, खान, टीजीआईआईसी, फ्यूचर सिटी, सिंचाई, नागरिक प्रशासन, मूसी सौंदर्यीकरण, जल बोर्ड आदि विभागों के मामलों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राजस्थान व गुजरात राज्यों में विद्युत क्षेत्र में अपनाए जा रहे तरीकों का अध्ययन कर हमारे राज्य में विभिन्न डिस्कॉमों में उन्हें लागू करने के लिए उचित कदम उठाए जाएँ।
रामकृष्ण राव ने अंडरग्राउंड केबलिंग, विजन 2047 के लक्ष्यों और ग्रेटर हैदराबाद की भविष्य की बिजली आवश्यकताओं के लिए प्रस्तावित चंद्रवेल्ली, रायदुर्गम, शादनगर तथा परिगी में विद्युत सब स्टेशनों के कार्यों की प्रगति पर समीक्षा की। बैठक के दौरान राज्य में बिजली उत्पादन, आपूर्ति, टीजी ट्रांसको, टीजी जेनको, टीजी एसपीडीसीएल, टीजी एनपीडीसीएल में चल रही प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति तथा भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार उठाए जाने वाले कदमों पर व्यापक चर्चा की गई।
सरकारी अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं पर जोर
राव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकारी अस्पतालों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएँ प्रदान करने के लिए लगातार निगरानी करें। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ प्रभावी ढंग से प्रदान करने के लिए उचित कदम उठाने को कहा। उन्होंने वरंगल, अलवाल, सनत नगर, एलबी नगर, न्यू उस्मानिया और निम्स अस्पताल के विस्तार के लिए बन रहे सरकारी अस्पतालों के भवनों की प्रगति पर अधिकारियों से बात कर इन अस्पतालों के निर्माण कार्यों को शीघ्रता से पूरा करने के स्पष्ट आदेश दिये।
रामकृष्ण राव ने माता एवं शिशु स्वास्थ्य, संक्रामक रोगों के नियंत्रण व मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को सरकारी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सकों, नर्सों और पैरामेडिकल कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वहाँ स्वच्छता, रोगियों हेतु सुविधाएँ आदि का ध्यान रखने को कहा।
यह भी पढ़ें… रेवंत रेड्डी 4 से 6 दिनों तक करेंगे नगर निगम चुनाव प्रचार
रामकृष्ण राव ने आईटी क्षेत्र के विकास हेतु उठाए जा रहे कदमों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे सरकारी सेवाओं को तकनीकी रूप से लोगों तक तेजी से और पारदर्शी तरीके से पहुँचाने की दिशा में कदम उठाए। विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करें। आईटी सेवाओं तथा मी-सेवा केंद्रों को लोगों के लिए अधिक सुलभ बनाने के लिए उचित कदम उठाएँ। साथ ही उन्होंने ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में टी-फाइबर के विस्तार हेतु यथासंभव कार्य योजना तैयार करने का सुझाव दिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



