औद्योगिक आधार संरचना कार्यों की समीक्षा की सीएस ने
हैदराबाद, राज्य सरकार के मुख्य सचिव रामकृष्ण राव ने टीजीआईआईसी के अधिकारियों को डिजिटल डैशबोर्ड बनाने का निर्देश दिया, जिसमें निगम द्वारा बनाए गए औद्योगिक पार्कों और क्लस्टरों में आये निवेश, शुरू हुई इकाइयों और रोजगार जैसी जानकारी शामिल हों। उन्होंने कहा कि इससे औद्योगिक प्रगति की पारदर्शिता से निगरानी की जा सकती है।
सीएस ने सचिवालय में आयोजित बैठक में टीजीआईआईसी द्वारा राज्यभर में किए जा रहे अलग-अलग औद्योगिक आधार संरचना कार्यों की समीक्षा की। इस मौके पर निगम के प्रबंध निदेशक शशांक ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने और राज्य में निवेश लाने के लिए निगम द्वारा लागू किए जा रहे और चल रहे कार्यों की जानकारी दी। इस बैठक के दौरान, जहीराबाद में प्रस्तावित औद्योगिक स्मार्ट सिटी, वरंगल के पास काकतीया मेगा टेक्सटाइल पार्क, मेगा औद्योगिक हब, फार्मा क्लस्टर्स का विकास और प्रस्तावित भारत फ्यूचर सिटी सहित कई औद्योगिक परियोजनाओं की प्रगति पर विस्तृत रूप से चर्चा की गई।
यह भी पढ़ें… निवर्तमान राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा से मुलाकात की रेवंत रेड्डी ने
ज़हीराबाद स्मार्ट सिटी के लिए मजबूत कार्य योजना का सुझाव
सीएस ने जहीराबाद में प्रस्तावित औद्योगिक स्मार्ट सिटी का ज़िक्र करते हुए निवेशकों को आकर्षित करने के लिए मजबूत कार्य योजना तैयार करने का सुझाव दिया। साथ ही कहा कि इस परियोजना के एक बड़े औद्योगिक गंतव्य के तौर पर उभरने की काफी संभावना है। यह राज्य की आर्थिक विकास में काफी योगदान दे सकता है। उन्होंने काकतीया मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि इस पार्क में बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा करने की बहुत ज्यादा संभावना है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि आवश्यक आधारसंरचना एक समय सीमा के भीतर पूरा हो जाए, ताकि इकाइयाँ जल्द से जल्द अपना काम शुरू कर सकें।
इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों को एक विस्तृत नोट तैयार करने का भी निर्देश दिया जिसमें उन मुद्दों का जिक्र किया जाए जिनके लिए अंतर विभागीय समन्वय की ज़रूरत है ताकि उन्हें तुरंत हल किया जा सके। उन्होंने अलग-अलग औद्योगिक पार्कों में आधार संरचना कार्यों को पूरा करने के लिए समय सीमा तय करने और उद्योगों को जमीन देने के लिए पारदर्शी योजना बनाने की ज़रूरत पर भी जोर दिया। बैठक में टीजीआईआईसी के अधिकारियों और रंगारेड्डी व संगारेड्डी जिलाधीशों ने भी भाग लिया।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।



