पूर्व डीजीपी की पुत्री को साइबर ठगों ने लगाया 1.2 करोड़ का चूना

हैदराबाद, ऑनलाइन साइबर ठगी को अंजाम देने वाले साइबर ठग नित नए अंदाज से ठगी को अंजाम दे रहे हैं। सामान्य लोगों से लेकर सेलिब्रिटी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के परिवार को भी ठगी का शिकार बनाने से साइबर ठग नहीं चूक रहे हैं। एक घटना में साइबर ठगों ने ने पूर्व आईपीएस अधिकारी की पत्नी को पूँजी निवेश की आड़ में 2 करोड़ रुपये का चूना लगाया था। इसी प्रकार की एक अन्य घटना में साइबर ठगों ने एक पूर्व डीजीपी की पुत्री दोड्ला दिव्या रेड्डी के बैंक खाते से 1.2 करोड़ रुपये लूट लिए। दिव्या रेड्डी की शिकायत पर हैदराबाद की साइबर अपराध पुलिस छानबीन कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिव्या रेड्डी 18 कंपनियों के निदेशक के रूप में कार्यरत है। हाल ही में साइबर ठगों ने दिव्या रेड्डी के अकाउंटेंट को उसके नाम से मैसेज भेजा। मैसेज में अकाउंटेंट से कहा गया कि वह (दिव्या रेड्डी) मीटिंग में व्यस्त है और उसे बताए गए बैंक खाते में 1.2 करोड़ रुपये तत्काल ट्रांसफर करने के निर्देश दिए गए। अकाउंटेंट के इस मैसेज को अपनी बॉस दिव्या रेड्डी का मैसेज मानकर तत्काल 1.2 करोड़ रुपये स्थानांतरित कर दिए।
इसके बाद 17 मार्च को साइबर ठगों ने पुनः पैसे भेजने के लिए अकाउंटेंट को मैसेज भेजा। यह मैसेज व्हॉट्सऐप के जरिए भेजा गया। अकाउंटेंट ने संदेह कर दिव्या रेड्डी से संपर्क किया और मैसेज के बारे में जानकारी दी। दिव्या रेड्डी ने स्पष्ट कर दिया कि उसने ऐसा कोई मैसेज नहीं भेजा है। तब अकाउंटेंट ने उसे बताया कि इसके पूर्व भी इसी प्रकार का मैसेज आने पर उसने 1.2 करोड़ रुपये स्थानांतरित किए थे। इस बात की जानकारी मिलते ही दिव्या रेड्डी परेशान हो गई और उसने साइबर अपराध पुलिस में इस घटना की शिकायत कर दी।
अब आपके लिए डेली हिंदी मिलाप द्वारा हर दिन ताज़ा समाचार और सूचनाओं की जानकारी के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल की सेवाएं प्रस्तुत हैं। हमें फॉलो करने के लिए लिए Facebook , Instagram और Twitter पर क्लिक करें।





